बरेली। मॉडल टाउन सब्जी मंडी से गुजर रहे एक युवक की चेन रविवार को दो बाइक सवार लुटेरों ने लूट ली। युवक ने पीछा करने की कोशिश की लेकिन लुटेरे भाग निकले। पीड़ित शिकायत लेकर मॉडल टाउन चौकी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें उल्टे पांव लौटा दिया। चौकी पुलिस बोली कि जाओ यहां से.. कुछ नहीं हो पाएगा। युवक की तहरीर तक नहीं ली। थाने में भी चौकी इंचार्ज से मिलने के बात कहकर पीड़ित को लौटा दिया गया।
बारादरी क्षेत्र के मॉडल टाउन निवासी धीरू भाटिया अकाउंटेंट का काम करते हैं। धीरू रविवार दोपहर अपनी ताई संतोष रानी और भतीजे वंश के साथ एक्टिवा स्कूटर पर प्रेमनगर जाने के लिए निकले थे। धीरू के मुताबिक सब्जी मंडी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए दो बाइक सवार लड़कों ने उनकी चेन पर हाथ मारा और लूटकर भाग निकले। पीछा करने की कोशिश की लेकिन वह उन्हें रोक नहीं पाए। घटना के बाद आरोपी प्रेमनगर की तरफ भाग निकले। शिकायत करने पर मॉडल टाउन चौकी पुलिस और बारादरी थाने से भी उन्हें बैरंग लौटा दिया गया।
पुलिस बोली- अब कुछ नहीं हो सकता
चेन स्नेचिंग होने के बाद पीड़ित मॉडल टाउन चौकी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें वहां से टहला दिया। उनके मुताबिक पुलिस बोली, अब कुछ नहीं हो सकता। चेन गई, मिलना मुश्किल है। अगली घटना होने पर शायद लुटेरे पकड़ जाएं। फिलहाल रास्ते के सीसीटीवी देख लिए जाएंगे।