बरेली। शराब पीकर सेल्स गर्ल का हाथ पकड़ने वाले दरोगा के खिलाफ पीलीभीत के एसपी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इंस्पेक्टर प्रेमनगर ने उसकी हरकत की रिपोर्ट एसएसपी बरेली को भिजवाई है। छेड़छाड़ की शिकार सेल्स गर्ल ने अभी लिखित तहरीर नहीं दी है।
आवास विकास चौकी के क्वार्टर में रहने वाले एचसीपी का कुछ समय पहले दरोगा पद पर प्रमोशन हुआ है। वह पीलीभीत में तैनात है और अभी ये आवास नहीं छोड़ा है। बताते हैं कि सुबह से ही शराब का सेवन करने वाले दरोगा की पत्नी और बच्चे भी उसे छोड़कर रिश्तेदारी में रह रहे हैं। बुधवार शाम नशे की झोंक में आवास विकास कॉलोनी में सादा कपड़ों में घूम रहे दरोगा ने एक सेल्स गर्ल से छेड़छाड़ कर दी थी। दरोगा उससे शादी की बात करते हुए अपने क्वार्टर की ओर खींचने लगा। लड़की ने यूपी 100 को कॉल कर दी तो पुलिस वैन आकर दरोगा को बैठाने लगी। बाद में उसके दरोगा होने का पता लगने पर उसे छोड़ दिया। दरोगा वहां से चला गया। हालांकि पीड़ित ने वूमेन हेल्पलाइन 1090 को सूचना दे दी। गुरुवार को भी पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ तहरीर नहीं दी। इंस्पेक्टर प्रेमनगर बलवीर सिंह ने बताया कि एसएसपी के जरिये पीलीभीत एसपी को दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट भेजी जा रही है। वहीं से उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। फिलहाल वो अपने आवास से भी गायब हो गया है।