पीलीभीत। स्कूल से घर आ रही कक्षा ग्यारह की छात्रा से छेड़छाड़ के बाद गौहनिया चौराहा पर हंगामा हो गया। छात्रा से मिली शिकायत पर पहले से मौजूद शिवसेना नगराध्यक्ष शैली शर्मा ने दो शोहदों को धर दबोचा, जबकि उनके चार साथी भाग गए। शोर पर भीड़ भी जमा हो गई और शोहदों की पिटाई कर दी। शोहदों के धमकी देने पर आक्रोशित लोगों ने पुलिस की गाड़ी रोक ली और आरोपियों को हवाले करने की मांग शुरू कर दी। जैसे-तैसे पुलिस आरोपियों को लेकर सुनगढ़ी थाना पहुंची और थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराया। कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी गई है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली एक किशोरी ने बताया कि वह कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। आरोपी आए दिन उसका पीछा कर परेशान करते थे। शिवसेना नगराध्यक्ष शैली शर्मा बीते दिनों कॉलेज गए तो वहां पर उनको ये शिकायत मिली। इस पर उन्होंने एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम से बात की। बुधवार सुबह वह पुलिस के साथ आरोपियों की धरपकड़ को लगे रहे लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सके। दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा घर जा रही थी। इस बीच तीन बाइकों से शोहदे टनकपुर हाईवे पर नेहरू पार्क के पास से छात्रा के पीछे लग गए। गौहनिया चौराहे पर पहुंचते ही पहले से मौजूद शिवसेना नगराध्यक्ष और उनके साथियों ने दो शोहदों को पकड़ लिया। गलती स्वीकारने के बजाय आरोपी भिड़ गए। दबंगई दिखाते हुए धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद तो भीड़ जमा हो गई और दोनों आरोपियों की पिटाई कर दी। महिला पुलिस टीम ने दोनों को जैसे-तैसे हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाया। नजदीक में खड़ी ट्रैफिक पुलिस भी आ गई। इसके बाद एक शोहदे ने पुलिस हिरासत में होने के बाद भी धमकाना शुरू कर दिया। जिसके बाद तो लोग और गुस्सा गए और पुलिस जीप को रोक लिया। आरोपी को खींचकर बाहर निकालने की कोशिश की गई। बमुश्किल पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। दोनों को लेकर सुनगढ़ी थाने आए। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल भी पहुंच गए। यहां सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हो सके।
छात्रा बोली- चार-पांच दिन से घर से निकलना कर दिया था दूभर
पीलीभीत। शासन-प्रशासन भले ही छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने का दावा करे। हर थाने में एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन करते हुए कार्रवाई का दावा किया जा रहा हो, लेकिन हकीकत किसी से छिपी नहीं है। महज औपचारिकता निभाई जा रही है।
इस घटना के बाद पीड़ित छात्रा ने जो भी बयां किया, उससे एंटी रोमियो स्क्वॉड पर उठाए जा रहे सवाल कहीं न कहीं सही साबित होते हैं। दोनों शोहदों के पकड़े जाने के बाद जब छात्रा से बातचीत की गई तो उसका दर्द उसके शब्दों में दिखाई दिए। कहा कि आरोपी चार दिन से उसका पीछा कर रहे थे। स्कूल आते-जाते समय उस पर फब्तियां कसी जाती थीं। इसके अलावा घर के पास भी आरोपी चक्कर लगाया करते थे। कोचिंग जाना भी मुहाल कर दिया था। वह काफी परेशान हो गई थी। कई अन्य छात्राओं से भी आरोपी ऐसे ही छेड़छाड़ करते रहते थे।
एक कॉलेज की छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में दो युवक पकड़कर पब्लिक द्वारा सुनगढ़ी पुलिस के सुपुर्द किए गए हैं। उनके चार साथी फरार बताए गए हैं। थाना सुनगढ़ी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाई गई है। मामले की तहरीर मांगी गई है। थाना पुलिस को तहरीर मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
- धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी
पुलिस की लापरवाही बढ़ा रही शोहदों की हिम्मत
पीलीभीत। छात्रा से सरेराह हुई छेड़छाड़ की घटना के बाद एक बार फिर सड़कों पर पुलिसिया बंदोबस्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि पुलिस की ओर से एंटी रोमियो स्क्वाड के गठन तो हर थाने पर कर दिया गया लेकिन जिम्मेदारी से काम नहीं हो पाया। नतीजतन यही लापरवाही शोहदों के लिए हिम्मत देने का काम कर रही है। इससे पहले भी कई बार सरेराह छेड़छाड़ के मामले सामने आते रहे हैं। एक साल पूर्व दिनदहाड़े बाजार से सटे इलाके में बहन के साथ जिम करने आई इंटरमीडिएट की छात्रा को शोहदे ने रोक लिया था और विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी थी। यह घटना जिम के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तो शोर मच गया था। फिर कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजा गया था। दो माह पूर्व बीसलपुर से कोचिंग पढ़कर घर जा रही साइकिल सवार छात्रा को शोहदों ने रास्ते में रोक लिया था। हालांकि समय रहते शेार पर जमा लोगों ने आरोपी को धर दबोचा था। इसी तरह से कई मामले आए दिन फब्तियां कसने और पीछा करने को लेकर सामने आते रहते हैं।
पिता ने दी तहरीर, सीओ ने किए मुकदमे के आदेश
सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि छात्रा के पिता ने देर शाम सुनगढ़ी थाने पहुंचकर इस मामले की तहरीर पुलिस को दी है। हालांकि इसमें किसी को नामजद नहीं किया है। छात्रा से छेड़छाड़ किए जाने की बात लिखी है। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए हैं। पब्लिक द्वारा पकड़कर दिए गए दोनों आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है।