बरेली। किला थाने में रिटायर्ड दरोगा के परिवार और पड़ोसियों में मारपीट के बाद पथराव हो गया। इसमें दरोगा के परिवारीजनों के साथ ही दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हो गए। दोनों पक्षों ने तहरीर दी। रिटायर्ड दरोगा के बेटे की ओर से दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई है।
किला के लीची बाग निवासी शमशाद अहमद रिटायर्ड दरोगा हैं। उनके घर के पास रहमत नाम का घर है। पड़ोस में खाली पड़े प्लाट में गली के सभी लोग वाहन खड़े करते हैं। रविवार को शमशाद के परिवार का हबीबुल अपनी कार प्लाट से निकाल रहा था। तभी रहमत के बेटे ने उसे यह कहकर रोका कि पीछे खड़ी उसकी बाइक टूट जाएगी। इस पर दोनों में झगड़ा और मारपीट हो गई। किला इंस्पेक्टर डीसी शर्मा के मुताबिक मंगलवार को शमशाद का वकील बेटा घर आया तो रहमत पक्ष से विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष के लोग निकल आए और मारपीट शुरू हो गई। डंडेबाजी और पथराव में शमशाद की पत्नी रईस फात्मा, बेटे गुलफाम और जरगाम घायल हो गए। रहमत की पत्नी और बेटी को भी चोट आई है। फिलहाल शमशाद पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट लिख ली है। दूसरे पक्ष की भी रिपोर्ट लिखी जाएगी। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है।