दातागंज (बदायूं)। कटरी की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने एक पक्ष के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है, वहीं विवादित स्थान पर पुलिस डेरा जमाए हुए है।
पिछले दिनों तहसील क्षेत्र के अंतर्गत गंगा के दूसरी पार आने वाले गांव सेरहा में जमीन पर कब्जे को लेकर सीमावर्ती बरेली जिले के थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव पंखिया नगला और पडेरा के रहने वाले दो पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ था। इसमें एक झाले पर खड़ी कई बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर में आग लगा दी गई थी। इस संघर्ष की सूचना पर पहुंची पुलिस के एक सिपाही को पीटने के साथ ही उसकी पिस्टल भी छीन ली गई थी, जिसे बाद में वापस कर दिया गया था। पूरे मामले में दोनों पक्षों के साथ ही पुलिस की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में एक पक्ष के अतहर अली निवासी पडेरा और दूसरे पक्ष के हमीद खां निवासी पंखियानगला समेत उनके अन्य साथियों को नामजद कराया गया था। इस विवाद के बाद से ही कोतवाली पुलिस विवादित भूमि पर अपना डेरा जमाए हुए हैं।
मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अतहर अली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में दबिशें दीं गईं। इंसपेक्टर गोविंद सिंह ने बताया कि पुलिस तैनात है, अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।