बरेली। सुभाषनगर में एक बच्चे से अश्लील हरकत के बाद थाने में हंगामा और पुलिस वालों से गालीगलौज करने वाले लोगों पर अफसरों ने एफआईआर दर्ज कराई तो मंगलवार को सैकड़ों की भीड़ पुलिस ऑफिस पहुंच गई। यहां एसपी ट्रैफिक के सामने बच्चों को लेकर पहुंचीं महिलाओं ने मोर्चा संभाला। कहा, कई बच्चों से गंदी हरकत के बाद भी पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने को तैयार नहीं थी। पुलिस के खिलाफ तो कोई एक्शन नहीं लिया गया, उन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई। एसपी ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही तो लंबी बहस हुई। अंतत: बैकफुट पर आए सुभाषनगर के लोगों ने माफी की दरख्वास्त की, इस पर एसपी ट्रैफिक ने विचार करने की बात कही।
मंगलवार दोपहर एसएसपी दफ्तर में भारी भीड़ पहुंची तो गहमागहमी का माहौल बन गया। भीड़ में काफी संख्या में महिलाएं भी थीं जो बच्चों को साथ लेकर पहुंची थीं। इतनी भीड़ देखकर विभिन्न प्रकोष्ठों में काम कर रहे पुलिसकर्मी अलर्ट हो गए और बाहर निकल आए। एसएसपी पुलिस ऑफिस में थे नहीं, इसलिए एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार उनके कक्ष में शिकायतें सुन रहे थे। इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ लोग एसपी ट्रैफिक से बात करने पहुंचे। उन्हें बताया कि उनके बच्चे से गलत हरकत की गई। वे लोग थाने पहुंचे तो इंस्पेक्टर नहीं थे। स्टाफ उनकी बात सुन नहीं रहा था। इस वजह से वे आवेश में आकर हंगामा कर बैठे। कानून हाथ में लेने का उनका कोई इरादा नहीं था। लिहाजा उन पर दर्ज एफआईआर को खत्म कर दिया जाए।
एसपी ट्रैफिक ने इन लोगों से पूछा कि कार्रवाई हुई या नहीं तो उन्होंने बताया कि इंस्पेक्टर के आने पर रिपोर्ट लिखी गई। इस पर एसपी ट्रैफिक ने कहा कि पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को किशोर सदन भेजा गया, इसके बावजूद आप लोगों ने थाने हंगामा और पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की। इसके वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं। पुलिस विवेचना में उनकी क्षमा याचना पर भी विचार करेगी, लेकिन एफआईआर का निस्तारण विवेचना के आधार पर ही होगा।
पानी साथ लेकर आए लोग
एसएसपी दफ्तर में आई महिलाओं के साथ बच्चे भी थे जो तेज धूप से परेशान हो रहे थे। इन लोगों ने पुलिस दफ्तर का पानी पीने से गुरेज किया। एक युवक बाइक पर वाटर कूलर और गिलास रखकर लाया तब बुरी तरह प्यासे बच्चों को पानी पिलाया गया। इन लोगों ने दफ्तर में आए दूसरे फरियादियों को भी पानी पिलाया।