सीबीगंज। प्रदेश की योगी सरकार गोवंशीय पशु को लेकर संजीदा है तो नगर निगम संवेदनहीन बना हुआ है। हाईवे किनारे पड़े तीन गोवंशीय पशु में से दो की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं, एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
मंगलवार रात किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हुए तीन गोवंशीय पशु बुधवार सुबह परसाखेड़ा के पास पड़े देखे गए। मगर पालतू पशुबों को चौराहों से पकड़ने वाली निगम टीम को इनका ध्यान नहीं आया। बताया जाता है कि इनमें से दो पशु तड़प-तड़प कर मर गए और दिन भर उन्हें चील-कौआ नोचते रहे। यह मामला व्हाट्सएप ग्रुपों में वायरल हुआ तो शाम को निगम अफसरों को उनका पोस्टमार्टम कराने और घायल को उपचार दिलाने की याद आई। वहीं, मंगलवार रात कान्हा उपवन में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि उसके आसपास कोई गोवंश नहीं था, जिसके चलते हादसा बच गया। बुधवार सुबह आठ बजे ही नगर आयुक्त ने यहां का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।