बरेली। कर्मचारी नगर पुलिस चौकी पर वाहन चेकिंग के दौरान तीन लड़कों ने सिपाहियों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। एक युवक ने बाइक सवारों पर मोबाइल लूट का भी आरोप लगाया पर देर रात मामला रफादफा कर दिया गया। परिजन पुलिस से माफी मांगकर अपने बेटों को साथ ले गए।
रात करीब साढ़े दस बजे कर्मचारी नगर चौकी के पास सिपाही दीनदयाल व दो अन्य वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। बताते हैं कि एक बाइक पर सवार तीन लड़के काफी तेज बाइक लेकर आए। दीनदयाल ने उसे रोकना चाहा तो बाइक उनके ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। इससे सिपाही बाल-बाल बच गए। उन्होंने लड़कों को पकड़कर बाइक कब्जे में ले ली। बताते हैं कि यहीं आए एक लड़के ने इन लोगों पर अपना मोबाइल लूटने की कोशिश का भी आरोप लगाया। बाइक सवार लड़कों ने कहीं कॉल की और थोड़ी ही देर में उनके परिवार के कई लोग आ गए। संभ्रांत परिवार के लोगों ने लड़कों को छुड़वा लिया। इंस्पेक्टर केके वर्मा का कहना था कि मोबाइल लूट या बाइक चढ़ाने का कोई मामला नहीं था। लड़के चेकिंग से बचने को भागे थे।