बरेली। पेशी से लौटते समय दो सिपाहियों की हत्या और तीन बंदियों के फरार होने का पता लगते ही एडीजी अविनाश चंद्र चंदौसी के लिए रवाना हो गए। वारदात के बाद चंदौसी पहुंची बरेली एसटीएफ ने भी वहां मोर्चा संभाल रखा है।
एडीजी अविनाश चंद्र बुधवार को टीम के साथ मुरादाबाद रेंज के बिजनौर और अमरोहा आदि जिलों में कांवड़ियों का रास्ता और सुरक्षा इंतजाम देखने गए थे। उसी दौरान एडीजी को संभल जिले के चंदौसी में अदालत में पेशी से लौटते समय दो सिपाहियों की हत्या किए जाने और पुलिस वैन का ताला तोड़कर तीन बंदियों के फरार होने की सूचना मिली। एडीजी वहीं से सीधे चंदौसी चले गए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी की। साथ ही टीमों को जरूरी निर्देश दिए। इस बीच घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर अजयपाल सिंह के नेतृत्व में बरेली एसटीएफ की टीम भी चंदौसी जा पहुंची। एडीजी के निर्देश पर एसटीएफ फरार बंदियों की तलाश में जुटी है।