बरेली। कर्ज में गले तक डूबे किला पुल के नीचे पकौड़ी बेचने वाले युवक ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो जहर के संकेत के साथ ही सही पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित कर दिया गया।
किला थाना क्षेत्र के कटघर निवासी 45 वर्षीय बंटी गुप्ता किला पुल के नीचे समोसे और पकौड़ी बेचने का काम करते थे। इससे खास आमदनी नहीं हो रही थी। इसलिए उन्होंने खर्चा चलाने के लिए कुछ लोगों से रुपये उधार ले लिए थे। कर्ज की रकम बढ़ने से वह तनाव में थे। मंगलवार को उधारी देने वालों ने अपना पैसा मांगा। पैसे नहीं देने पर बंटी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी। तब बंटी ने तनाव में घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक की पत्नी मंजू देवी ने बताया कि मंगलवार रात पति को हल्का सा होश आया था। तब पति ने तनाव में खुद जहर खाने की बात कही। कहा कि वह लोग कार्रवाई नहीं चाहते थे पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया।