बरेली। फिल्म में रोल देने के नाम पर एक कथित डायरेक्टर ने एक मॉडल व उसकी दोस्त से हजारों रुपये ठग लिए। रुपये वापस करने के दबाव बनाने पर आरोपी हाईकोर्ट का एक फर्जी नोटिस ई-मेल कर धमकाने लगा। बताया कि आरोपी कई लोगों से रुपये लेकर भागा है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर क्षेत्र के अनुपम नगर निवासी कल्पना बिष्ट मॉडलिंग व एक्टिंग करती है। बीते वर्ष दिसंबर में उनकी मुुलाकात दिल्ली के एक कथित डायरेक्टर सुमित चौधरी से हुई। सुमित ने उन्हें और उनकी दो और साथियों को अपराधी नाम की एक फिल्म में रोल देने की बाद की और सिक्योरिटी में 25 हजार रुपये जमा कर लिया। इसके बाद कई दिनों तक आरोपी का कोई जवाब नहीं आया तो उन्होंने मार्च में फिल्म छोड़ने की मन बनाया और रुपये वापस करने को कहा। इस पर आरोपी ने जनवरी एक चैक दिया, जोकि बैंक में लगाने पर वाउंस हो गया। इसकी जानकारी उसे देकर पुलिस में शिकायत करने की बात की तो सुमित ने 16 मई को उन्हें सुनील सिंह नाम के व्यक्ति की आईडी से हाईकोर्ट का एक नोटिस मेल किया। जिसमें उन्हें कोर्ट में हाजिर होने की बात लिखी हुई थी। बताया कि आरोपी दिल्ली के भी कई व्यापारियों और इंडस्ट्री के लोगों का रुपया लेकर भागा हुआ है। पिछले कुछ दिनों में दिल्ली पुलिस ने उसे पकड़ा भी था, लेकिन बिना कार्रवाई के छोड़ दिया।