बरेली। कोतवाली के बिहारीपुर निवासी एक वृद्धा ने एसएसपी दफ्तर में खासा हंगामा कर दिया। उसने शिकायत सुन रहे एसपी क्राइम के सामने मेज में सिर पटकना शुरू कर दिया तो पूरा स्टाफ मौके पर आ गया। महिला दहाड़ मारकर चीख रही थी। शांत होने पर उसने अपने सैन्यकर्मी बेटे और बहू पर घर कब्जाने का आरोप लगाया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी की गैरमौजूदगी में एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय शुक्रवार दोपहर उनके कक्ष में शिकायतें सुन रहे थे। तभी चौपुला निवासी हीराकली पत्नी कल्लूराम मौर्य अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ उन्हें शिकायत देने पहुंचीं। फरियाद बताते बताते अचानक हीराकली ने अपना सिर मेज पर मारना शुरू कर दिया। एसपी क्राइम समेत कक्ष में मौजूद लोग अचानक हुए घटनाक्रम से हैरत में पड़ गए। महिला पुलिसकर्मी मीनू समेत काफी स्टाफ यहां आ गया और महिला को पकड़ लिया। महिला जोर जोर से दहाड़ें मारकर चीखने लगी। तब उसे पानी पिलाकर कुर्सी पर बैठाया गया। एसपी क्राइम ने पहले तो महिला की इस हरकत पर नाराजगी जताई। फिर उसकी परेशानी पूछी। महिला ने बताया कि बड़ा बेटा सैन्यकर्मी है। उसकी पत्नी यहां अपनी बेटी के साथ रहती है। बताया कि बहू उनसे मारपीट और झगड़ा करती है और जब चाहे यूपी 100 पर कॉल करके पुलिस बुला लेती है। बेटे-बहू का इरादा उनका मकान कब्जाने का है। ऐसे में उनके दूसरे बेटे कहां रहेंगे। महिला ने बहू बेटे के नाम रिपोर्ट कराने की मांग की। एसपी क्राइम ने इसका आदेश कर दिया।