बरेली। पुलिस लाइन के परामर्श केंद्र में डॉक्टर की अनपढ़ पत्नी न्याय मांगने पहुंची तो काउंसलर्स भी परेशान हो गए। पति और पत्नी ने एकदूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। काउंसलर ने मजबूरी में अगली तारीख दे दी।
इज्जतनगर के एक गांव में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर संजय नगर में रहते हैं। उनकी पत्नी ने पिछले दिनों एसएसपी को पत्र देकर पति पर पड़ोसी कॉलोनी की एक प्राइवेट शिक्षिका से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया था। इस मामले में पहले महिला थाने में समझौता कराया गया पर महिला संतुष्ट नहीं हुई तो मामला परिवार परामर्श केंद्र में आ गया। यहां बुधवार को पति पत्नी दोनों ही केंद्र प्रभारी एसआई साक्षी और काउंसलर वीके अग्रवाल के सामने पेश हुए। महिला ने पति पर उसकी प्रेमिका को दुकान खुलवाने का आरोप लगाया। कहा कि उसकी शादी को 24 साल हो चुके हैं। तीन बच्चे हैं। उन्हें लेकर वह रिश्तेदारी में रह रही है। अब फीस न होने पर बच्चों को स्कूल से निकालने की नौबत आ गई है पर पति को दूसरी महिला पर पैसा लुटाने से फुर्सत नहीं है। वहीं, पति का कहना था कि उसने पत्नी के नाम एक प्लाट लिया है। पूरा खर्च करने को तैयार है पर बेवजह शक करती है। महिला से उसकी बस दोस्ती है। वह चाहता है कि पत्नी और बच्चे घर में आकर रहें। यहीं दोनों में बहस हो गई। इसके बाद उन्हें अगली तारीख दे दी गई।