बरेली। योगी सरकार की प्राथमिकता के कार्य नाकारा स्टाफ को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने के काम को डीआईजी ने शुरू कर दिया है। जिले में तैनात एक इंस्पेक्टर के साथ ही रेंज के पांच पुलिसकर्मी इसमें काम आ गए हैं। एसएसपी की लिस्ट भी जल्दी जारी हो सकती है। उसमें करीब दस पुलिसकर्मियों के नाम शामिल होने की चर्चा है।
नाकारा और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे स्टाफ को समय से पहले रिटायर करने का काम किया जा रहा है। पुलिस विभाग में ये कार्रवाई शुरू हो गई है। डीआईजी के स्तर पर एक स्क्रीनिंग कमेटी बनाई गई थी। इसमें एसएसपी से उनके यहां के नाकारा स्टाफ के नाम मांगे गए थे। एसएसपी कार्यालय से तीन नाम भेजे गए। इनमें स्क्रीनिंग के बाद फरीदपुर सीओ के स्टेनो के रूप में कार्यरत इंस्पेक्टर ब्रह्मपाल सिंह को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी गई है। इसके अलावा रेंज के तीन अन्य जिलों के चार अन्य पुलिसकर्मी लिस्ट में शामिल हैं। इनके नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। एसएसपी की कमेटी भी करीब पंद्रह नामों पर विचार कर रही है। एक-दो दिन में यहां भी लिस्ट जारी हो जाएगी।