बरेली। शासन और एडीजी के निर्देश पर पुलिस अब घरों और स्कूलों में जाकर लोगों को कानूनों और उनके अधिकारों की जानकारी देगी। इसके लिए हर थाने में एक पुरुष और एक महिला एसआई को नियुक्त किया गया है। ये विद्यार्थियों और जनता को यूपी 100, 181 सेवा आदि के बारे में बताएंगे। किसी घटना के दौरान शिकायत और बचाव के तरीके भी बताए जाएंगे।
शासन स्तर से स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को कानूनी जानकारी देने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं। बच्चों को मुसीबत के वक्त मदद के लिए पुलिस प्रशासन की विभिन्न सेवाओं के बारे में बताने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ट्रैफिक रूल्स व उनके अधिकारों और कर्त्तव्यों के बारे में भी जानकारी दी जानी है। इधर, एडीजी अविनाश चंद्र ने पुलिस से मोहल्लों और गांवों की गलियों में जाकर लोगों से संवाद बढ़ाने, खासकर महिला पुलिसकर्मियों को महिलाओं से बातचीत कर इलाके की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा बढ़े और महिलाओं के जरिये छोटे बड़े अपराधों के बारे में जानकारी मिल सके। इस लिहाज से अब सभी थाना प्रभारियों ने अपने यहां एक टीम गठित कर दी है। एक पुरुष और एक महिला दरोगा को अनिवार्य रूप से स्कूलों और मोहल्लों में जाकर जानकारी देने के लिए अधिकृत किया गया है। ऐसे दरोगा छांटे गए हैं जिनका पब्लिक कनेक्ट ठीक हो।