बरेली। प्रदेश सरकार ने 21 नए थाने और 11 नई पुलिस चौकियों को बनाने की घोषणा की है। इसमें बरेली मंडल को कोई थाना या चौकी नहीं मिली है। शहर की रुहेलखंड चौकी को भी मॉडल थाना बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिस पर फिलहाल कोई निर्णय नहीं हो सका है। यहां बता दें कि जिले की दो रिपोर्टिंग चौकी, गैनी व धौराटांडा, को थाने का दर्जा देने संबंध प्रस्ताव भी भेजा गया था।
शासन के निर्देश पर पुलिस हेड क्वार्टर से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों से अपने यहां चौकियों को थानों में अपग्रेड करने और नए चौकी व थानों की जरूरत संबंधी प्रस्ताव मांगे गए थे। एसएसपी ने आपराधिक दृष्टि से संवेदनशील बारादरी थाने की रुहेलखंड चौकी को मॉडल थाना बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। यह चौकी इस समय भी मॉडल के रूप में संचालित है। थाने के लिए और जमीन की जरूरत थी, जिसके लिए डीएम से अनुरोध किया गया था। प्रशासन की ओर से प्रस्ताव भेजने तक जमीन उपलब्ध नहीं कराई जा सकी थी। हालांकि अधिकारियों को उम्मीद थी कि थाने की मंजूरी मिली तो जमीन की व्यवस्था हो जाएगी। जिले में दो रिपोर्टिंग चौकी हैं। इनमें गैनी चौकी अलीगंज थाने में और धौराटांडा चौकी भोजीपुरा थाने में है। दोनों चौकियों को अपग्रेड कर थाने का दर्जा देने का भी प्रस्ताव था। हालांकि यह प्रस्ताव भी शासन ने मंजूर नहीं किया। इससे जिला वासियों को निराशा हुई है।
रुहेलखंड पुलिस चौकी अभी भी मॉडल चौकी के रूप में संचालित है। यहां संसाधन और मानक उसी हिसाब से रखे गए हैं। इसके उच्चीकरण का प्रस्ताव भेजा गया था जो फिलहाल टल गया है।
- मुनिराज जी. एसएसपी
बरेली मंडल को कोई थाना चौकी न मिलने से लग रहा है कि पुराने प्रस्तावों पर ही निर्णय लिए गए हैं। अलीगढ़ और मेरठ कार्यकाल में हमने जो संस्तुति करके भेजे थे, वो थाने बना लिए गए।
- राजेश कुनार पांडेय, डीआईजी रेंज