बरेली। झारखंड में मॉबलिंचिंग के शिकार हुए तबरेज अंसारी के लिए दरगाह शाहदाना वली पर मगफिरत की दुआ की गई। तहसीने मिल्लत सूफी रिजवान रजा खां की दुआ के बाद दरगाह परिसर में बैठक भी हुई।
दरगाह शाहदाना वली वेलफेयर सोसाइटी की ओर से यह बैठक आयोजित की गई। इसमें मुतवल्ली अब्दुल वाजिद खान ने देश में मुस्लिमों के साथ हो रही मॉब लिंचिंग पर अंकुश लगाने के साथ कठोर कानून बनाने और तबरेज के परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की बात कही। साथ ही हत्यारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है। सचिव वसी अहमद वारसी ने ऐसी घटना को देश के अमन चैन को खत्म करने की साजिश बताया। कोषाध्यक्ष शीरोज सैफ कुरैशी ने इस तरह की घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाने की जरूरत बताया। इस दौरान यूसुफ इब्राहिम, गफूर पहलवान, आरफीन कुरैशी, मोहम्मद सेन, मुकर्रम बेग, शरीफ अहमद आदि मौजूद रहे।