भोजीपुरा (बरेली)। रिटायर्ड एडीजी के डॉक्टर बेटे से एक परिचित महिला का फेसबुक मेसेंजर हैक कर साढ़े इक्कीस हजार रुपये की ठगी कर ली गई। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस के रिटायर्ड एडीजी मंजूर अहमद के बेटे डॉ. तारिक महमूद एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर सोबिया करीम अंसारी के फेसबुक मेसेंजर से उनके पास मेसेज आया कि दुर्घटना में उनकी बहन गंभीर घायल हो गई हैं। वह अस्पताल में हैं, तत्काल उन्हें बीस हजार रुपये पेटीएम कर दें। डॉ. महमूद ने परिचित होने और मदद के नाते रुपये भेजने का निर्णय किया। उन्होंने मेसेंजर पर लिखा कि वह पेटीएम का प्रयोग नहीं करते हैं तो एकाउंट नंबर भेज दें। तब दूसरी ओर से पेटीएम का ही एकाउंट नंबर भेज दिया गया। एकाउंट में डॉ. महमूद ने एक बार में 20 हजार, दूसरी बार में 1500 रुपये जमा करवा दिए। महिला बार-बार मेसेज पर ट्रांसफर रसीद भेजने को बोल रही थी। रसीद की स्क्रीनशॉट भेजने पर भी वह रसीद मांगती रही। शक होने पर डॉ. महमूद ने सोबिया करीम को फोन किया। उधर से डॉ. सोबिया करीम ने बताया कि उनका फेसबुक मेसेंजर हैक हो गया है। कोई उनके नाम से लोगों से पैसा मांग रहा है। जब डॉ. तारिक को यह जानकारी हुई तो उन्होंने ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और पेटीएम कस्टमर केयर पर शिकायत की। दोनों ही जगह से उन्हें रिपोर्ट कराने की सलाह दी गई। भोजीपुरा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया कि डॉ. सोबिया ने इलाहाबाद में अपना अकाउंट हैक होने की रिपोर्ट कराई है।