पीलीभीत। रकम दोगुनी करने करने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में चार साल से फरार चल रही खटीमा (उत्तराखंड) की एक महिला को एसओजी और सुनगढ़ी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। महिला पर 25 हजार का इनाम घोषित है। इसके अलावा उस पर शाहजहांपुर जिले में भी इनाम घोषित होने की बात निकलकर आ रही है। पुलिस आज मामले का खुलासा कर सकती है। फिलहाल अभी कोई पुलिस अधिकारी कुछ बता नहीं रहा है।
बताया गया कि चिटफंड कंपनी बनाकर जालसाजों ने लोगों के खाते खुलवाए थे। जिनमें लोगों ने लाखों रुपये जमा किए थे। जब रकम लौटाने की बारी आई तो जालसाज कंपनी का आफिस बंद करके भाग गए। इस संबंध में वर्ष 2016 में सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन आरोपी महिला हत्थे नहीं चढ़ सकी थी। उसकी तलाश जारी रही। इस दौरान महिला पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। शनिवार को एसओजी और सुनगढ़ी पुलिस को सूचना पर महिला को धर दबोचा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई चल रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।