फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झगड़े में घायल वृद्धा की मौत, परशुराम सेना के प्रदेश प्रभारी समेत 5 पर रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बिहारीपुर में सप्ताह भर पहले किरायेदारों के बीच झगड़े में सिर में ईंट लगने से घायल वृद्धा की रविवार सुबह जिला अस्पताल में मौत हो गई। उसके भतीजे ने कोतवाली में परशुराम सेना के प्रदेश प्रभारी अर्जुन गुप्ता समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि परशुराम सेना के कुछ नेताओं ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कराने के नाम पर वृद्धा के परिवार से पुलिस में दो हजार रुपये ले लिए।
विज्ञापन

बिहारीपुर निवासी धीरज ने बताया कि उनकी बुआ 60 वर्षीय सुशीला देवी अपने बेटे रिंकू के साथ नन्हे के मकान में किराये पर रहती थीं। इसी मकान में किराये पर ही भगवान दास अपने बेटे शिवम और विमल के साथ रहता है। ये लोग अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा और मारपीट करते हैं। 14 दिसंबर को भी भगवानदास ने शराब के नशे में घर में हंगामा शुरू कर दिया तो सुशीला देवी ने इसका विरोध किया। इस पर भगवान दास ने परशुराम सेना के प्रदेश प्रभारी अर्जुन गुप्ता और रवि सांवरिया को बुला लिया। ये दोनों भी अक्सर भगवान दास के घर शराब पीने आते रहते हैं। इन लोगों ने सुशीला देवी को बुरी तरह पीटा। शिवम ने उनके सिर में ईंट मार दी, इससे उनका सिर फट गया। सुशीला देवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। धीरज की ओर से कोतवाली में भगवान दास, उसके दोनों बेटों शिवम और विमल के अलावा अर्जुन गुप्ता तथा रवि सांवरिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके घरों पर दबिश भी दी, लेकिन वे हाथ नहीं आए।
नेताओं के बचाव में आए चौकी इंचार्ज
अर्जुन गुप्ता और उसके साथियों पर पुलिस से दोस्ती की आड़ में उगाही करने का आरोप है। सुशीला देवी के बेटे रिंकू ने बताया कि झगड़े के बाद वह हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बिहारीपुर चौकी गए तो वहां परशुराम सेना के कुछ नेता बैठे मिले। उन्होंने कहा कि वे भगवान दास और उसके बेटों के खिलाफ कार्रवाई करा देंगे। बदले में दो हजार रुपये मांगे। कहा-इन रुपयों से चौकी प्रभारी के हाथों गरीबों को कंबल बंटवाए जाएंगे। रिंकू ने बताया कि परिवार के एक सदस्य ने उन्हें दो हजार रुपये दे भी दिए। घटनाक्रम की जानकारी के बाद एक मीडियाकर्मी ने बिहारीपुर चौकी प्रभारी को कॉल करके वसूली के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि अभी खबर रोक लो, मैं मिलकर बताऊंगा कि क्या बात थी। हालांकि मीडियाकर्मी ने सच्चाई सामने लाने के लिए चौकी प्रभारी की यह कॉल रिकार्ड कर अफसरों के ग्रुप में पोस्ट कर दी।
विज्ञापन


वृद्धा की मौत के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। चौकी में वृद्धा के परिवार से रुपये लेने का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। - अशोक कुमार सिंह, सीओ सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें