बरेली। पंजाब रेजीमेंट के लापता सैन्यकर्मी के फेसबुक सक्रिय होने के बावजूद कैंट पुलिस उसे खोजने में नाकाम रही। पुलिस की इस विफलता पर हाईकोर्ट ने एसएसपी बरेली को तलब किया है। अलर्ट के चलते एसएसपी के हाईकोर्ट न पहुंचने की स्थिति में मंगलवार को सीओ सिटी और कैंट इंस्पेक्टर उनका पक्ष रखेंगे।
पंजाब में होशियारपुर जिले के गांव रामौबाला निवासी सैन्यकर्मी रजत सिंह बरेली यूबी एरिया में तैनात थे। 28 जुलाई 2018 को वह बीआई बाजार आने के बाद ड्यूटी पर नहीं लौटे। रजत के पिता उपदेश सिंह ने 12 दिसंबर 2018 को कैंट थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बेटा न मिलने से परेशान उपदेश सिंह ने हाईकोर्ट का सहारा लिया। पिछले दिनों इलाहबाद हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को रजत को तलाशने के निर्देश दिए। अब 17 दिसंबर को हाईकोर्ट ने एसएसपी बरेली से अब तक की प्रगति रिपोर्ट बंद लिफाफे में प्रस्तुत करने का आदेश दिया था। वहीं राज्य सरकार के अपर शासकीय अधिवक्ता एसए मुर्तजा ने कोर्ट से रजत सिंह की तलाश के लिए अतिरिक्त समय मांगा। कहा है कि पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है, इसके लिए विज्ञापन से लेकर अन्य तमाम काम किए गए हैं। सीओ सिटी अशोक कुमार और इंस्पेक्टर कैंट अवनीश कुमार यादव रविवार को ही प्रयागराज पहुंच गए हैं। हालांकि रजत की फेसबुक आईडी संचालित हो रही है। बताया जाता है कि वह कभी-कभी परिवार और परिचितों को मेसेज करके कहता है कि घर नहीं आऊंगा। मगर पुलिस उसे ढूंढने में नाकाम है।