बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक परिवार ने अपने विरोधियों पर घर में घुसकर मारपीट और महिलाओं से अभद्रता करने की रिपोर्ट कराई थी। इसमें एक किशोर का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका भी जताई गई थी। अब वह किशोर खुद थाने पहुंच गया। हालांकि वह बहकी-बहकी बातें कर रहा है। परिवार वाले उसके सदमे में होने की बात कह रहे हैं।
फाइक एन्कलेव निवासी नाजिम और कोतवाली के मोहल्ला अकब निवासी एक परिवार के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। पहले नाजिम ने इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। सात दिसंबर को आतिफ की ओर से नाजिम समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए करीब 15 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इसमें घर में घुसकर मारपीट, महिलाओं से अभद्रता के साथ ही छोटे भाई आमिर के अपहरण का आरोप लगाया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों के घर दबिश दे रही थी। परेशान परिवार ने सोमवार को डीआईजी से मिलकर अपना पक्ष रखा। कहा, अपहरण का आरोप बिल्कुल निराधार है। उन लोगों को झूठा फंसाया जा रहा है। तब डीआईजी ने इज्जतनगर पुलिस को सही स्थिति सामने लाने को कहा। पुलिस का दबाव बढ़ा तो आमिर खुद ही थाने पहुंच गया। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि वह झगड़े के दौरान घबरा गया था और खुद ही कहीं चला गया था। अभी उसकी स्थिति ठीक नहीं है। उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। वैसे अपहरण का मामला नहीं लग रहा है।