बरेली। रिटायर्ड नौसेना अधिकारी के हाथों मकान का सौदा करके 2.25 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन बाद में किसी दूसरे के नाम बैनामा कर दिया गया। रिटायर्ड नौसेना अधिकारी ने तीन महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ थाना कैंट में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कानपुर के प्रवेश कुमार पाराशर नौसेना के रिटायर्ड अफसर हैं। उन्होंने ऋषभ कुमार राठौर के मकान के एक चौथाई हिस्से का छह लाख रुपये में सौदा किया था। 25 हजार रुपये बयाना भी दे दिया। उस समय मकान पर केस चल रहा था। इस पर ऋषभ ने कहा कि केस फाइनल होने पर वह बैनामा कर देंगे। इस बीच ऋषभ की पत्नी मधु ने अपना इलाज करानेे के नाम पर दो लाख रुपये ले लिए, लेकिन केस फाइनल होने पर ऋषभ ने किसी दूसरे व्यक्ति को मकान बेच दिया। उनका रुपया भी वापस नहीं किया। प्रवेश ने थाना कैंट में ऋषभ राठौर, मधु राठौर, तरन्नुम, यामीन, यासमीन और यासीन के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।