बरेली। एक स्पा में धरे गए जेई मामले से बेखबर अफसर आखिर छठे दिन जाग गए हैं। उन्होंने संबंधित जेई से तीन दिन में लिखित जवाब तलब किया है। उधर, बिजली विभाग में इसे लेकर चर्चा बनी रही कि अफसरों ने अब तक कोई प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाया।
पिछले दिनों पीलीभीत बाईपास स्थित ‘द हीलिंग टच’ नामक स्पा पर इज्जतनगर पुलिस ने गोपनीय सूचना पर छापा मारा था। यहां से बिजली जेई प्रमोद राणा समेत 14 लोग संदिग्ध गतिविधियाें के आरोप पकड़े थे। इनके साथ अन्य स्थानों से लाईं गईं युवतियां भी धरी गईं। दो दिन तक पुलिस और जेल हिरासत में रहने के बाद आरोपियों को जमानत मिल गई। पूरे प्रकरण से बिजली विभाग और अफसर बेखबर बना रहा। अमर उजाला ने इसका खुलासा किया तब अफसर छठे दिन जागे और जेई प्रमोद राणा से लिखित स्पष्टीकरण मांगा। हालांकि स्टाफ में बुधवार 30 अक्टूबर से ही इस पर चर्चा बनी हुई है, लेकिन अफसर कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने पुलिस विभाग को एक पत्र लिखकर घटनाक्रम और जेई के शामिल होने की जानकारी मांग ली। उन्होंने आरोपी जेई से सीधे कोई जवाब तक तलब नहीं किया। इससे अफसरों भूमिका पर सवाल भी उठने लगे थे। विभाग ने सोमवार दोपहर संबंधित जेई से तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के लिए पत्र जारी किया है।