बरेली। सिविल एन्क्लेव में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए करीब एक किलोमीटर लंबी ड्रेन बननी है। इसके लिए जल निगम को वन विभाग से एनओसी मिल गई है। काम शुरू करने के लिए अब डीएम से अनापत्ति मांगी गई है।
पीलीभीत रोड पर गांव चावड़ से सिविल एन्क्लेव तक ड्रेन बनाने के लिए करीब ढाई करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। बारिश में हवाई अड्डा परिसर में पानी न भरे, इसके लिए इसका निर्माण करना जरूरी है। इसका काम शुरू होने में इसलिए देरी हुई, क्योंकि पहले वन विभाग और फिर जिला प्रशासन से अनुमति लेनी थी। अधिशासी अभियंता संजय कुमार ने डीएम को चिट्ठी भेजकर यह जानकारी दी है कि वन विभाग को एनओसी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था। इस पर मुख्य वन संरक्षक ने एनओसी जारी कर दी है। अब काम शुरू करने के लिए प्रशासन की अनुमति मिलनी है। एक्सईएन ने डीएम से यह कार्रवाई जल्द पूरी कराने का आग्रह किया है।