बरेली। गैस पाइप लाइन में आग लगने के बाद नेकपुर गल्ला मंडी की आबादी में ही नहीं बल्कि चौपुला ओवरब्रिज के ऊपर भी हड़कंप मच गया। वहां से गुजर रहे वाहनों की भी रफ्तार धीमी हो गई। दमकल के आग पर काबू पा लेने के बाद ओवरब्रिज पर आवाजाही शुरू हुई। लीक हो रही पाइप लाइन के पास कूड़ा जलाने के कारण आग लग गई थी। वहीं घटना स्थल के आसपास खड़े खाली तेल के टैंकर व अन्य गाड़ियां भी लोगों ने जल्दबाजी में हटाए।
मौके पर स्थानीय लोगों ने बताया कि लापरवाही के चलते गैस पाइल लाइन के पास कू़ड़ा जलाने के कारण आग लगी थी। बताया कि पाइप लाइन लीक कर रही थी। कूड़ा जलाते ही गैस ने आग पकड़ ली। आग की ऊंट लपटें ओवरब्रिज तक पहुंची जिसके कारण ऊपर से गुजर रहे वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। सूचना पर दमकल विभाग से पहुंचे उदयराज और उनकी टीम को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटा लग गया। हालांकि उन्होंने वहां रेलवे ट्रैक किनारे पड़े पाइपों में भीषण आग लगने की बात कही। वहां आसपास खड़ी ट्रक व अन्य गाड़ियों को भी लोगों ने मौके से जल्दबाजी में हटाया। रेलवे ट्रैक से बहेड़ी जाने वाली एक ट्रेन भी गुजरनी थी। जोकि आग बुझने के करीब पांच मिनट बाद वहां से गुजरी।
ओवरब्रिज के नीचे बना है अवैध स्टैंड
चौपुला ओवरब्रिज के नीचे नेकपुर गल्ला मंडी की तरफ लोगों ने अवैध स्टैंड बना रखा है। रात में ईंधन सप्लाई करने वाले कई टैंकर, ट्रक व अन्य टैैक्सी में चलने वाली मैटाडोर गाड़ियां वहां रात में खड़ी की जाती हैं।
जनवरी में भी गैस लाइन में लगी थी आग
चौपुला चौराहे पर फिटिंग के बाद खुली छोड़ दी गईं गैस पाइप लाइन में जनवरी में भी भीषण आग लग गई थी। नगर निगम के काम के चलते गैस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं कूड़ा जलाकर आग ताप रहे कुछ रिक्शे वालों की लापरवाही के चलते वहां आग लग गई थी। चौपुला चौराहा चारों तरफ से बंद कर कई घंटों में आग पर काबू पाया जा सका था।