गांव गौसगंज के 12 वर्षीय छात्र सोहेल की हत्या का खुलासा पुलिस बुधवार को करेगी। पुलिस ने इस मामले में कम उम्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने रास्ते में मामूली कहासुनी के बाद सोहेल को गला दबाकर मार डाला था।
गौसगंज में रहने वाले सोहेल की शनिवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव सेंट मेरी स्कूल के पास झाड़ियों में मिला था। साइकिल घटनास्थल से सौ मीटर दूर मिली। घटनास्थल पर बीयर की बोतल और कुछ खानेपीने का सामान भी मिला था लेकिन मोबाइल गायब था। पुलिस ने सोहेल की कॉल डिटेल की जांच व स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की।
गांव के लोगों ने भी सोहेल की हत्या के विरोध में रविवार को थाने का घेराव कर कुछ संदिग्धों के नाम पुलिस को बताए थे। सोमवार को पुलिस ने कस्बे के दो आवारा लड़कों को हिरासत में लिया तो केस खुल गया था। इनमें से एक सोहेल और दूसरा दूसरे धर्म का है। ब्यूरो