फरीदपुर। गांव गौसगंज के 12 वर्षीय छात्र सोहेल के दो हत्यारोपी तो पकड़ में आ गए लेकिन हत्या की वजह बेहद अफसोसनाक निकली। कम उम्र के युवक निकले दोनों हत्यारोपियों के मुताबिक सोहेल से उनकी सड़क चलते बगैर किसी बात के नोंकझोंक हो गई थी, उन्हें गुस्सा आया तो उन्होंने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और फिर लाश को वहीं छोड़कर चले आए।
गौसगंज निवासी सोहेल की शनिवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव सेंट मेरी स्कूल के पास झाड़ियों में मिला था। उसकी साइकिल घटनास्थल से करीब सौ मीटर दूर मिली। घटनास्थल पर बीयर की बोतल और कुछ खानेपीने का सामान भी मिला था लेकिन सोहेल का मोबाइल गायब था। पुलिस ने हत्यारों की तलाश के लिए सोहेल की कॉल डिटेल की जांच की, साथ ही स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की। इस बीच गांव के लोगों ने भी सोहेल की हत्या के विरोध में रविवार को थाने का घेराव कर कुछ संदिग्धों के नाम पुलिस को बताए थे। सोमवार को पुलिस ने एक भाजपा नेता के भतीजे, एक व्यवसायी और पूर्व शिक्षामित्र के बेटे समेत पांच संदिग्धों को शक के आधार पर पकड़ा था पर उनमें से कोई आरोपी नहीं निकला तो देर रात उन्हें छोड़ दिया।
इसी दौरान पुलिस ने पास की बस्ती के दो आवारा लड़कों को भी हिरासत में लिया। इनमें से एक सोहेल और दूसरा दूसरे धर्म का है। सोमवार को इन लड़कों ने सोहेल की हत्या करना कबूल कर लिया। सूत्रों के मुताबिक लड़कों ने पुलिस को बताया कि रास्ते में चलते-चलते उनकी सोहेल से नोंकझोंक हो गई थी, इसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वे दूसरी दिशा में फरार हो गए इसलिए उनका चेहरा भी फुटेज में नहीं आया। पुलिस मंगलवार को पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।