बरेली। स्टेडियम रोड स्थित एक बेंत के फर्नीचर के गोदाम में देर रात शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने व्यापारी को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची फायरब्रिगेड की टीम घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी।
बारादरी क्षेत्र के कांकर टोला निवासी सलीम मियां फर्नीचर का कारोबार करते हैं। स्टेडियम रोड पर ईंट पजाया चौराहे पर एसएस ट्रेडर्स नाम से उनका गोदाम है। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह तड़के उनके गोदाम के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने वहां आग लगी होने की बात बताई। वह गोदाम पर पहुंचे तो आग विकराल रूप ले चुकी थी। इसकी सूचना उन्होंने फायरब्रिगेड को दी। गली संकरी होने के कारण फायरब्रिगेड की गाड़ी गोदाम तक नहीं पहुंच पाई। किसी तरह गाड़ी के पाइप खींचकर वहां पहुंचाए गए। फिर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सलीम के मुताबिक हादसे में दुकान में रखा लाखों का फर्नीचर जलकर बर्बाद हो गया।
तुरंत पहुंचे तो टल गया बड़ा हादसा
सलीम का गोदाम संकरी गली में बना हुआ है। आग लगने की सूचना पर उन्होंने तुरंत फायरब्रिगेड को सूचना दी। जल्द ही आग पर काबू भी पा लिया गया। देर होती तो आसपास के घर भी आग की जद में आ जाते।