बरेली। अहलादपुर चौकी क्षेत्र में भाला मारकर एक गाय की हत्या कर दी गई। गाय एक खेत से निकलकर भागी और बीच रास्ते में गिरकर दम तोड़ दिया। चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, एहतियातन गांव में फोर्स भी तैनात कर दी गई है।
इज्जतनगर थाने की अहलादपुर चौकी क्षेत्र निवासी लोकेश कुमार गांव में चौकीदारी करते हैं। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात अचानक एक घुमंतू गाय पास ही एक खेत से दौड़ती हुई बाहर निकली और बीच रास्ते में गिर पड़ी। मौके पर पहुंचकर देखा तो उसके पेट में भाला घुसा हुआ था। कुछ ही देर में गाय ने दम भी तोड़ दिया। गाय को इस तरह मारने की सूचना पर इलाके के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने गुस्सा जताया तो पुलिस ने छानबीन के बाद गाय को दफन करा दिया। हंगामे की आशंका के चलते गांव में फोर्स भी लगा दिया गया। गांव वालों ने बताया कि वहां अक्सर गोवंशीय पशुओं की हत्या की जाती है। गांव के चौकीदार की शिकायत पर इज्जतनगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।