बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में बड़ा बाईपास पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए, जिससे कार में सवार कानूनगो की मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर घायल हुई हैं।
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में बड़ा बाइपास के नवदिया झादा चौराहे के पास सोमवार सुबह सड़क हादसे में उत्तराखंड के सितारगंज निवासी यशोदा सिंह राणा की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रजनी राणा गंभीर रूप से घायल हुई हैं। इनकी कार को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी थी। कार काटकर यशोदा सिंह का शव निकाला गया।
विज्ञापन
कार में सवार यशोदा सिंह राणा ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज के 150 सरोजना के निवासी थे। उनका मुरादाबाद में घर है, जहां परिवार के साथ रहते थे। लखीमपुर खीरी जिले में कानूनगो पद पर तैनात थे। वह पत्नी के साथ कार से लखीमपुर जा रहे थे।
बिथरी क्षेत्र में बड़ा बाइपास के पास ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यशोदा सिंह और उनकी पत्नी अंदर फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार कटवाकर उन्हें बाहर निकाला। यशोदा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनकी पत्नी की हालत गंभीर है। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी।
यशोदा सिंह राणा उत्तराखंड के नानकमत्ता के पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा के चचेरे बड़े भाई थे। सूचना पर पूर्व विधायक परिजनों के साथ बरेली पहुंचे। वहीं, पुलिस ने यशोदा सिंह के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।