बरेली। अपर आयुक्त प्रशासन के खिलाफ कमिश्नरी बार का आंदोलन मंगलवार को 14 वें दिन भी जारी रहा। इस बीच बिथरी विधायक राजेश मिश्रा ने कमिश्नरी पहुंचकर वकीलों के आंदोलन को समर्थन देने और उनकी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का भरोसा दिया।
कमिश्नरी बार एसोसिएशन की ओर से अपर आयुक्त प्रशासन की कोर्ट का बहिष्कार 14 वें दिन जारी रहा। कमिश्नरी बार के सदस्यों की एक बैठक लाइब्रेरी कक्ष में हुई। यहां बार के अध्यक्ष डीपी सिंह ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा है और उन्होंने मामले का हल निकालने का आश्वासन भी दिया है। पूर्व अध्यक्ष राजेश पांडे ने सम्मान जनक हल निकलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। इस दौरान अधिवक्ता मोहन शंकर, अरविंद भटनागर, सुरेश सिंह राठौर, एवरन सिंह, सुधीर सक्सेना, अनिल चौरसिया आदि मौजूद रहे।