सुभाषनगर से पकड़कर दोनों को साथ ले जा रही थी लखनऊ पुलिस
बरेली। घर से भागकर तीन महीने से सुभाषनगर में किराये पर रह रहे प्रेमी जोड़े को लखनऊ पुलिस ने पकड़ लिया। यहां से लखनऊ ले जाते समय पुलिस अभिरक्षा में ही दोनों ने जहर खाकर जान दे दी।
लखनऊ के ठाकुरगंज की महिला ने वहां थाना कृष्णानगर में स्नेहनगर निवासी विकास के खिलाफ अपनी शादीशुदा बेटी पारुल को भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। विकास भी पहले से शादीशुदा था। परिवार वालों नेे पारुल की हत्या की आशंका जताई थी। दोनों की लोकेशन बरेली के सुभाषनगर में मिलने पर कृष्णानगर थाने की टीम रविवार को बरेली पहुंची।
उन्होंने थाना सुभाषनगर में आमद कराने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ पाल कॉलोनी में रात 10 बजे बनवारी लाल के घर में दबिश देकर पारुल और विकास को हिरासत में ले लिया। इसके बाद रात ढाई बजे पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हो गई। रास्ते में सीतापुर के पास पारुल और विकास को उल्टियां होने लगीं। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। पुलिस ने उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां दोनों की मौत हो गई। इस दौरान पुलिस के साथ गाड़ी में पारुल का भाई और बहनोई भी मौजूद था।
तीन महीने से बरेली में रह रहे थे दोनों
बनवारी लाल की पत्नी ने बताया कि दोनों तीन महीने पहले किराये पर उनके घर में रहने आए थे। विकास ने बताया था कि वह सुभाषनगर में ही एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। पुलिस के पहुंचने पर ही बनवारी लाल और उनके परिवार को दोनों के भागकर आने की जानकारी हुई। पुलिस ने उनके कमरे में ताला लगा दिया। कहा, सामान बाद में ले जाएंगे।
लखनऊ पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ सुभाषनगर की पाल कॉलोनी से प्रेमी युगल को हिरासत में लिया था। जानकारी मिली है कि रास्ते में दोनों ने जहर खा लिया। इससे उनकी मौत हो गई। युवक के खिलाफ लखनऊ के कृष्णानगर थाने में युवती को भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज है। - हरिश्चंद्र जोशी, इंस्पेक्टर सुभाषनगर