बरेली। गंगापुर वार्ड में जलभराव हुआ तो पार्षद जयप्रकाश राजपूत कपड़े उतारकर सफाई में जुट गए। अब उनका सफाई करते वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। पार्षद का आरोप है कि स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी शहर को जलभराव की समस्या से छुटकारा नहीं मिल सका।
बृहस्पतिवार सुबह बारिश होने पर गंगापुर वार्ड की सड़कों पर जलभराव हो गया। सिकलापुर फर्नीचर मंडी में पानी भर गया। पार्षद जयप्रकाश राजपूत बाहर निकले तो उन्हें हर तरफ जलभराव दिखा। आजमनगर चौराहे के पास सड़क पर पानी भरा देख पार्षद कपड़े उतारकर खुद ही सफाई में जुट गए। पार्षद ने बताया कि आजमनगर के पानी का बहाव उनके वार्ड की तरफ है। यहां चार-पांच कबाड़ी हैं। उनका कूड़ा पीछे से बहकर यहां आता है। पार्षद ने पीछे से बहकर आ रहे कचरे को उठाकर कूड़ेदान में डाला।
पार्षद का कहना है कि अधिकतर नालों पर अतिक्रमण है, लेकिन उसे हटाया नहीं जाता। जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, पर समस्या का समाधान नहीं हो सका। दिनेश नर्सिंग होम के पीछे का क्षेत्र, मुर्गा सराय मंडी, अग्रवाल धर्मशाला के सामने आदि कई सड़कों पर जलभराव हुआ है। लोगों के घरों में भी पानी भर गया। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।