बरेली। शौचालय को तोड़ रहे मजदूरों को पार्षद ने रोक दिया। इसकी वीडियो वायरल हो रहा है। नगर आयुक्त से भी मामले की शिकायत की गई है।
वार्ड 64 सिकलापुर के पार्षद जय प्रकाश ने बताया कि पुराना बस अड्डा सहित कोतवाली का कुछ क्षेत्र उनके वार्ड में आता है। आरोप है कि यहां वर्षों से बने हुए शौचालय पर भूमाफिया की नजर है। रविवार को कोतवाली के पूर्वी गेट की तरफ बने पुराने शौचालय को मजूदरों ने तोड़ना शुरू कर दिया। वह मौके पर पहुंचे और मजदूरों से बात की। इस पर वह आधा टूटा शौचालय छोड़कर भाग गए। इसका वीडियो बनाकर उन्होंने नगर आयुक्त को भेजा है। कोतवाली पुलिस को भी मौखिक तौर पर जानकारी दी है। सोमवार को उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र भी सौंपा है।
मिल रहीं धमकियां : पार्षद
पार्षद जय प्रकाश ने बताया कि दबंग लोगों ने फोन कॉल कराना शुरू कर दिया है। एक ने खुद को राजनीतिक दल का कोषाध्यक्ष भी बताया है। भविष्य में वह कोई कार्रवाई न कराएं, इसकी हिदायत भी दी है। इसको लेकर जय प्रकाश ने दो वीडियो भी वायरल किए हैं। एक वीडियो में मजदूर शौचालय तोड़ रहे हैं तो दूसरे में निगम के कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं।
पार्षद कह रहे हैं कि सरकारी जमीन पर शौचालय है तो कई लोग बता रहे हैं कि वह सरकारी संपत्ति नहीं है। कुछ लोगों ने मिलकर शौचालय बनवाया था। जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
संवाद