बरेली। भाजपा के बैनर पर कूड़ा उठाने की आरोपी फर्म को नगर निगम ने क्लीनचिट दे दी। जबकि, मामले का वीडियो वायरल हुआ था और किला थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। अब नगर स्वास्थ्य अधिकारी इस मामले में जवाब देने से बच रहे हैं।
अक्तूबर में अलखनाथ मंदिर रोड पर सड़क पर कूड़ा उठा रहे एक कर्मचारी का वीडियो वायरल हुआ था। क्षेत्रीय पार्षद चंद्र प्रकाश गुप्ता ने मैसर्स कय्यूम खां फर्म के कर्मचारी पर भाजपा के झंडे से कूड़ा उठाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। 29 अक्तूबर को मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। ठेकेदार ने अधिकारियों पर भी रकम लेने का आरोप लगाया था। अब नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने मामले की जांच कर फर्म को क्लीनचिट दे दी।
मामला सामने आने के बाद ठेकेदार कय्यूम ने सफाई कर रहे कर्मचारी को पहचानने से इन्कार कर दिया था, जबकि उस सड़क की सफाई का ठेका उसी की फर्म के पास है। पुलिस भी अब तक यह पता नहीं लगा सकी कि वहां सफाई कौन कर रहा था? इस मामले में ठेकेदार कय्यूम का पक्ष जानने के लिए उनको कॉल की गई पर रिसीव नहीं हुई।
जनप्रतिनिधियों की भी नहीं सुनी
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल व अन्य जनप्रतिनिधियों ने कय्यूम के खिलाफ नगर निगम को चिट्ठियां लिखीं। कार्रवाई के लिए कॉल भी की, लेकिन कुछ नहीं हुआ। क्लीनचिट किस आधार पर दी गई, यह भी स्पष्ट नहीं।
पुलिस की ओर से कार्रवाई होने के बाद ही हम कुछ करेंगे। अभी ठेकेदार के खिलाफ कोई पुख्ता साक्ष्य नहीं मिलें हैं। - डॉ. भानु प्रकाश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी
संवाद