अंतरराष्ट्रीय कोविड वार्ड में होगा आइसोलेट, परिजन की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव
18 दिसंबर को यूके एडिनबरा से लौटा था युवक, दो बार जांच में निगेटिव मिली थी रिपोर्ट
बरेली। हाईरिस्क देश से लौटे युवक के कोरोना संक्रमित मिलने से जिले में अब दो सक्रिय संक्रमित हो गए हैं। इसके साथ ही तीसरी लहर को लेकर चर्चाएं होने लगी हैं। बृहस्पतिवार को यूके से वापस लौटो इस युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। उसे तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय के अंतरराष्ट्रीय वार्ड में भर्ती कराया गया है। साथ ही, ओमिक्रॉन संदिग्ध होने की स्थिति में उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए शुक्रवार को लैब भेजा जाएगा।
आईडीएसपी इंचार्ज और सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक मिनी बाईपास कूर्मांचल नगर का रहने वाला युवक 18 दिसंबर को एडिनबरा (यूनाइटेड किंगडम) से आया। वह एडिनबरा में इंटरनेशनल बिजनेस में मास्टर्स डिग्री का विद्यार्थी है। भारत पहुंचने पर उसकी इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई कोविड जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली थी। इसके बाद गाजियाबाद में भी उसने कोविड जांच कराई थी पर रिपोर्ट निगेटिव मिली थी। स्टेट सर्विलांस की ओर से युवक के बरेली वापस आने की सूचना 20 दिसंबर को मिली। सर्विलांस टीम ने उसे फोन कॉल के जरिए सूचना ली तो वह स्वस्थ मिला था।
डॉ. गौतम ने बताया कि 21 दिसंबर को युवक ने तबीयत खराब मिलने पर एक निजी लैब में कोविड जांच कराई थी। रिपोर्ट गाजियाबाद के पोर्टल पर अपडेट होने की वजह से उसकी जानकारी नहीं मिल सकी थी। 22 दिसंबर को उसकी रिपोर्ट बरेली के पोर्टल पर अपडेट करने को कहा गया। 23 दिसंबर को उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपडेट की गई तो उसके पॉजिटिव होने की जानकारी मिली। अब जीनोम सीक्वेंसिंग होगी।
परिवार के अन्य सदस्य की रिपोर्ट निगेटिव
23 दिसंबर की दोपहर मेडिकल टीम की ओर से फॉलोअप निगरानी के दौरान उसकी तबियत भी खराब मिली। युवक के परिवार में उसकी मां और भाई हैं। दोनों की तत्काल एहतियातन कोविड जांच कराई गई तो रिपोर्ट निगेटिव मिली है। डॉ. गौतम ने बताया कि युवक में कोविड के कोई लक्षण नहीं हैं। वह होम आइसोलेशन में है। सर्विलांस टीम की ओर से इंटरनेशनल ट्रेवलर गाइडलाइन के तहत उसे कोविड चिकित्सालय के अंतर्राष्ट्रीय वार्ड में भर्ती कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुक्रवार सुबह उसे भर्ती कराया जाएगा। साथ ही, उसकी स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी आरटीपीसीआर सैंपल की जांच कराई जाएगी।
फरीदपुर के युवक ने खुद को बताया संक्रमित
बृहस्पतिवार दोपहर फरीदपुर का रहने वाला एक युवक तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय पहुंचा। उसने खुद को संक्रमित बताया। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उससे संपर्क किया तो पता चला कि युवक कर्नाटक गया था। वहां पर तबियत बिगड़ने पर उसने कोरोना जांच कराई थी। बृहस्पतिवार को जब वह रास्ते में ही था, तभी उसके पास कर्नाटक सर्विलांस सेल से कॉल आई और उसे संक्रमित होने की जानकारी देकर आइसोलेट होने को कहा। आईडीएसपी इंचार्ज डॉ. गौतम ने बताया कि युवक ने जो रिपोर्ट दिखाई है, उसमें पॉजिटिव की पुष्टि नहीं हो रही। लिहाजा, बगैर पुष्टि के वह साफ तौर पर कुछ कह नहीं सकते।
विदेश से लौटे 940 लोग, 132 लोग लापता
प्रदेश सरकार की स्टेट सर्विलांस द्वारा विदेश से वापस आने वालों की लगातार सूची भेजी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार तक 940 लोग विदेश से वापस आ चुके हैं। इसमें करीब डेढ़ सौ लोग हाई रिस्क देश से वापस आए हैं। विदेश से वापस आने वालों में करीब 132 लोगों के नाम, पते, मोबाइल नंबर गलत होने की वजह से उन्हें अब तक ट्रेस नहीं किया जा सका है। सर्विलांस सेल की ओर से उच्चाधिकारियों को सूचना देकर स्टेट सर्विलांस से अपडेट सूचना भेजने को कहा जा रहा है। हालांकि, अब तक कोई अपडेट जानकारी नहीं मिल सकी है।
राजेंद्रनगर, रामपुर गार्डन, ग्रीनपार्क ‘संवेदनशील’
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक हाई रिस्क देश से बरेली के राजेंद्रनगर, रामपुर गार्डन, ग्रीन पार्क, कैंट और बडा बाजार में ही करीब 60 लोग वापस आए हैं। अब तक हाई रिस्क देश से वापस आए करीब डेढ़ सौ लोगों में से 130 लोग शहर के ही विभिन्न इलाकों के रहने वाले हैं। डॉ. गौतम ने बताया कि हाई रिस्क देश से आने वाले सभी लोगों को ट्रेस कर लिया गया है। आरआरटी की ओर से उनकी नियमित निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम द्वारा उनके घर पर संपर्क कर आइसोलेशन के नियमों का पालन हो रहा है या नहीं इसकी जानकारी भी की जा रही है।
28919 लोगों को लगी कोरोना वैक्सीन
कोरोना टीकाकरण की चल रही मुहिम के दौरान बृहस्पतिवार को 52 हजार लक्ष्य के सापेक्ष 28919 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। इसमें 18 से 44 वर्ष आयुवर्ग के 3546 और 45 पार के 13625 लोगों को कोविशील्ड, 11748 लोगों को कोवाक्सिन की डोज लगाई गई। अब तक जिले के 2878855 लोगों को पहली और 1632169 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। डीआईओ डॉ. आरएन सिंह ने जिन लोगों ने अभी तक वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगाई है, उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर वैक्सीन लगवाने की अपील की है। ताकि कोविड संक्रमण की चेन थम सके।