राजेंद्रनगर, महानगर, प्रेमनगर, हाइडिल ऑफिसर कॉलोनी में भी पहुंचा कोरोना
बरेली। जिले में 159 और संक्रमित मिलने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा 4320 पहुंच गया। बुधवार को कई पॉश कॉलोनियों में भी संक्रमित मिले। इसके अलावा सेंट्रल जेल में 50 लोगों के साथ कई और स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना की चपेट में आए हैं। इसके साथ दो महिलाओं समेत तीन की कोरोना संक्रमण से मौत भी हो गई।
जिला सर्विलांस अधिकारी एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार के मुताबिक जोगीनवादा की 50 वर्षीय महिला को नौ अगस्त को संक्रमित मिलने पर कोविड अस्पताल में भर्ती कराय गया था। मंगलवार देर रात उनकी मौत हो गई। दुर्गानगर के एक 18 वर्षीय युवक की देर रात कार्डियो रेस्पिरेटरी अटैक से मौत हो गई। प्रेमनगर की महिला दो अगस्त को संक्रमित मिली थी। बुधवार को उसकी मौत हो गई।
एसीएमओ के मुताबिक बुधवार को कर्मचारी नगर, राजेंद्रनगर, भरतौल, प्रेमनगर, नगरिया प्रसाद, सिद्धार्थनगर, पंजाबपुरा में दो, बिहारीपुर, मलूकपुर, करगैना, कुंवरपुर में चार, मीरगंज में पांच, पटेलनगर, हाइडिल ऑफिसर कॉलोनी में तीन संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा बीडीए कॉलोनी, वीर सावरकर नगर, रेलवे नॉर्थ, बिथरी, रामवाटिका, जागृतिनगर, अहलादपुर, न्यू मॉडल कॉलोनी, परतापुर चौधरी, एनएमसी इज्जतनगर, कबीरनगर कोर्ट रोड पीलीभीत, जनकपुरी, सिकलापुर, उमंग महानगर, मिथिलापुरी, जैन मंदिर रामनगर, सीबी गंज, जौहरपुर, बन्नूवाल कॉलोनी, कृष्णानगर, रामनगर कॉलोनी में भी संक्रमित मिले हैं। सेंट्रल जेल में 50 से ज्यादा और संक्रमित मिले हैं। मोहल्ला पारा में भी दस संक्रमित मिले हैं।
संक्रमित किराएदार को निकाला बाहर
मंगलवार को एक रोहली टोला में एक महिला में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मकान मालिक ने उसे घर में नहीं घुसने दिया। काफी देर मिन्नत करने के बाद भी मकान मालिक नहीं राजी हुआ तो कोविड कंट्रोल रूम पर महिला ने कॉल की। वहां से आई टीम के समझाने पर भी मकान मालिक राजी नहीं हुआ तो महिला को कोविड एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला ने पहले होम आइसोलेशन का विकल्प चुना था।
रिपोर्ट आते ही भाग निकला संक्रमित
पीलीभीत बाईपास पर एक निजी अस्पताल में पहुंचे एक मरीज का एंटीजन टेस्ट करने पर रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। उसे कोविड अस्पताल रेफर करने के लिए एंबुलेंस कॉल की गई मगर इसी बीच वह भाग निकला। अस्पताल ने थाने में इसकी सूचना दी है।