फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अप्रैल में पचास गुना रफ्तार से बढ़ा कोरोना, हर तीसरा व्यक्ति संक्रमित

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। कोरोना संक्रमण भयावह रफ्तार के साथ बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की मानें तो जांच कराने वाला हर तीसरा व्यक्ति संक्रमित है। एक सप्ताह पहले तक संक्रमण की दर कम थी। तब हर चौथा व्यक्ति संक्रमित पाया जा रहा था। पिछले 30 दिनों में संक्रमण का दायरा 50 गुना तक बढ़ गया है। यानी हालात बेकाबू होते जा रहे हैं।
विज्ञापन

स्वास्थ विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक एक अप्रैल को 28 मरीज संक्रमित मिले थे, जबकि 29 अप्रैल को यह संख्या बढ़कर 1402 हो गई। आंकड़े बता रहे हैं कि अप्रैल में ही संक्रमण की दर 50 गुना बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को 42 सौ से ज्यादा सैंपल की जांच में 1402 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यानी हालात लगातार खराब हो रहे हैं। हर तीन लोगों में एक संक्रमित मिल रहा है। इस समय जिले में 10619 मरीज संक्रमित हैं। इनमें से 85 फीसदी होम आइसोलेट है। यह आंकड़ा काफी तेजी से बढ़ रहा है।
देर से जांच रिपोर्ट का मिलना बड़ी वजह
डॉ. शक्ति कंसल कहती हैं कि अप्रैल में कोरोना वायरस का प्रसार तेजी से बढ़ा है। संक्रमण की तेज गति का एक बड़ा कारण है कि लोग अभी भी कोरोना को लेकर उतने जागरूक नहीं दिख रहे हैं, जितना होना चाहिए। पिछले साल कोरोना संक्रमण शुरू हुआ तो लोग बचाव के उपायों से अंजान थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इसके बाद भी लोगों में वह जागरूकता नहीं दिख रही है। लोगों की लापरवाही संक्रमण के फैलाव की वजह है, लेकिन इससे भी बड़ी वजह जांच रिपोर्ट का देर से मिलना है। सैंपल देने के बाद जब तक रिपोर्ट नहीं आती, लोग खुद को संक्रमित नहीं मानते हैं। बाजारों में घूमते रहते हैं। बाजारों में लगातार भीड़ है। लोग शारीरिक दूरी का पालन करना ही भूल गए हैं। बिना मास्क लगाए ही घर से निकल पड़ते हैं। जब तक रिपोर्ट आती है तब तक उनकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी होती है। कई मामले ऐसे सामने आए हैं, जिनमें रिपोर्ट तब पॉजिटिव आई है, जब व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी थी।
विज्ञापन

हर हाल में सख्ती से करना होगा कोविड नियमों का पालन
तीन सौ बेड कोविड अस्पताल के सीएमएस डॉ. वागीश वैश कहते हैं कि हम सभी पिछले साल कोरोना का प्रकोप देख चुके हैं। सभी कोरोना के लक्षणों और बचाव के नियमों से अच्छी तरह वाकिफ हैं। लिहाजा किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतनी है। कोरोना के खिलाफ जंग जीतनी है तो सतर्कता बरतनी ही होगी। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर कोरोना से जंग को जीतना है। डबल मास्क का प्रयोग करें, शारीरिक दूरी का हर हाल में पालन करें। सबसे जरूरी बात यह है कि यदि कोविड के लक्षण दिखाई देते हैं तो कोविड की जांच जरूर कराएं। खुद इलाज शुरू न करें, बल्कि डॉक्टर की सलाह लें। हरी सब्जियों और मौसमी फलों का सेवन करें।
यह बरतें सावधानी
- गरम पानी और गर्म दूध में हल्दी डालकर पिएं।
- ताजा भोजन करें और वासी, तले भोजन का सेवन करने से परहेज करें।
- सब्जियों को अच्छी तरह से साफ करके पकाएं।
- फलों को अच्छी तरह से धोकर ही उनका सेवन करें।
- कोल्ड ड्रिंक, फास्ट फूड, आइसक्रीम, अधिक मसाले और तले भोजन का सेवन करने से बचें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।
- सूखी खांसी, सांस लेने में तकलीफ, बुखार आने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।
यह न करें
- मास्क को मुंह पर बांधकर नाक को खुला न छोड़ें।
- दुकानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी चीज को छूने से बचें।
- बाहर निकल कर बार-बार मास्क और चेहरे को न छुएं।
- चिकित्सक की सलाह के बिना किसी दवा का सेवन न करें।
जंक्शन पर रेलवे कर्मियों का हुआ वैक्सीनेशन
बरेली। स्वास्थ्य विभाग ने जंक्शन पर शिविर लगाकर 45 साल से अधिक कर्मचारियों और उनके परिवार को वैक्सीन लगाई गई। सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुए शिविर में करीब 89 लोगों के टीके लगाए गए। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि 45 साल से कम उम्र के लोगों को एक मई के बाद वैक्सीन लगवाई जाएगी, जिसकी तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी।
दस घंटे के अंदर चीफ रेलवे कंट्रोलर समेत दो की मौत
बरेली। कोरोना संक्रमण से चीफ रेलवे कंट्रोलर व पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के सहायक महामंत्री पंकज तिवारी और इज्जतनगर रेलवे वर्कशाप में कार्यरत सहायक मंडल मंत्री जितेंद्र सिंह का निधन हो गया। दस घंटे में दो रेलवे नेताओं के निधन से रेलवे वर्कशाप, डीजल शेड और डीआरएम ऑफिस में शोक का माहौल है। पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के महामंत्री जेएस भदौरिया ने बताया कि पंकज तिवारी को बुधवार रात रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से स्थिति नाजुक के कारण निजी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शुक्रवार साढ़े चार बजे उनका निधन हो गया। जितेंद्र सिंह को दोपहर में रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया था, शाम चार बजे उनका निधन हो गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें