फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली: कोरोना संक्रमित युवक की पत्नी ने डीएम के बंगले से लेकर सीएमओ कार्यालय तक किया हंगामा

Tue, 28 Apr 2020 02:37 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
डीएम के आदेश के बाद पूल टेस्टिंग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बरेली जिले के हजियापुर इलाके में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अफसर वैसे ही दहले हुए थे, कि एक संक्रमित युवक की पत्नी ने उन्हें और ज्यादा परेशान कर दिया। सोमवार दोपहर युवक की रिपोर्ट आने से पहले उसकी पत्नी कलक्ट्रेट और डीएम के कैंप ऑफिस में घुस गई और फिर सीएमओ ऑफिस में भी पति का ठीक से इलाज न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। 

विज्ञापन


कोरोना संक्रमित की बीवी अपने एक रिश्तेदार के साथ उसकी बाइक पर बैठकर सोमवार दोपहर पहले कलक्ट्रेट पहुंची। कलक्ट्रेट में कई दिनों से आम लोगों का प्रवेश वर्जित है लिहाजा गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे बाहर से ही लौटा दिया। इसके बाद यह महिला पास ही डीएम के बंगले में घुस गई। 

काफी देर तक वह बाहर ही सुरक्षा कर्मियों के पास बैठी रही। इसके बाद डीएम कैंप कार्यालय के अंदर पहुंच गई। वहां मौजूद स्टाफ को बताया कि उसका पति निजी मेडिकल कॉलेज में कई दिनों से भर्ती है। उसे उनकी कोई रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। डीएम स्टाफ के एक बाबू ने फोन पर सीएमओ को उसकी शिकायत की जानकारी देते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया। 
विज्ञापन


कुछ ही देर बाद जब यह पता चला कि जो महिला शिकायत करने आई थी, उसका पति कोरोना पॉजिटिव है तो डीएम कैंप कार्यालय के स्टाफ के होश उड़ गए। दफ्तर में बुरी तरह हड़कंप मच गया।

इसी बीच दौरे पर कहीं निकले हुए डीएम नितीश कुमार लौटे। उन्हें घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने फौरन परिसर में मौजूद बाहरी लोगों को बाहर निकलवाकर मेन गेट बंद करा दिया। जिला अस्पताल से एंबुलेंस बुलाकर आनन-फानन में महिला के संपर्क में आए सभी सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ को भी पूल टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया। 

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में सैंपल लेने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें होम क्वारंटाइन करा दिया। डीएम के निर्देश पर कुछ ही मिनटों में सैनिटाइजिंग मशीन भी पहुंच गई जिसके बाद कलक्ट्रेट और पूरे डीएम बंगले को अच्छी तरह सैनिटाइज कराया गया। इसके बाद डीएम आवास का मेन गेट बंदकर बाहरी लोगों के आने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई।
 

विज्ञापन

सीएमओ कार्यालय में भी महिला ने किया हंगामा

डीएम बंगले में दहशत फैलाकर सीएमओ ऑफिस पहुंची संक्रमित युवक की पत्नी ने पति का इलाज ठीक से न होने का आरोप लगाते हुए खूब हंगामा किया। काफी देर तक चीखने-चिल्लाने के बाद वह फर्श पर लेट गई। सीएमओ का स्टाफ पहले तो इसे सामान्य ढंग से लेता रहा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके पति की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर मिली तो हड़कंप मच गया। 

कर्मचारियों के चेहरों पर हवाइयां उड़ने लगीं और घबराए हुए स्टाफ कार्यालय छोड़कर बाहर निकल आए। युवक की पत्नी का आरोप था कि इलाज में देरी होने से उसके पति की तबीयत बिगड़ रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने संबंधित डॉक्टर से फोन पर बातकर महिला को उसके पति का ठीक से इलाज होने का भरोसा दिलाया, लेकिन इस पर भी वह शांत नहीं हुई और कार्यालय में ही हंगामा करने लगी। 

स्टाफ ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह चीखते हुए फर्श पर गिर पड़ी। उसके साथ मौजूद उसके देवर ने उसे किसी तरह संभाला। करीब 15 मिनट तक कार्यालय में हड़कंप मचा रहा। 

महिला के हंगामे के कुछ ही देर बाद सीएमओ कार्यालय को पता चला कि उसके पति की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है तो पूरे स्टाफ में दहशत फैल गई। फौरन पूरे कार्यालय को सैनिटाइज कराया गया। स्टाफ भी खुद को सैनिटाइज करने में जुट गए। 

दहशत इस कदर दिखी कि सीएमओ कार्यालय के सभी कर्मचारियों की हवाइयां उड़ गईं और वे बाहर निकल आए। कार्यालय के साथ सीएमओ की कार और परिसर में खड़े दूसरे वाहनों को भी सैनिटाइज किया गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें