विश्वविद्यालय ने सभी महाविद्यालयों से 27 नवंबर तक मांगी रिपोर्ट
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने कानून की पढ़ाई कर रहे एलएलबी और बीए-एलएलबी के उन छात्रों को राहत दी है, जो कोरोना संक्रमण की वजह से कई विषयों की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्या को ऐसे छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर 25 नवंबर तक उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि उन्हें एक और मौका दिया जा सके।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार शीघ्र ही सत्र 2019-20 की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जाएंगी। इस संबंध में रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह की ओर से महाविद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं कि वे उन छात्र-छात्राओं को चिह्नित कर लें, जो पूर्व में संबंधित सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए फार्म भर चुके हैं और एमएलबी (छठा सेमेस्टर) अथवा बीए-एलएलबी (दसवां सेमेस्टर) की पूर्व में कराई गई परीक्षा में कोरोना की वजह से शामिल नहीं हो सके हैं। साथ ही सत्यापन करने और अपने स्तर से संतुष्ट होने के बाद ऐसे छात्र-छात्राओं का पूर्ण विवरण विश्वविद्यालय को 27 नवंबर तक उपलब्ध करा दें। ताकि इन छात्र-छात्राओं की दोबारा परीक्षाएं कराने के संबंध में विश्वविद्यालय स्तर पर निर्णय लिया जा सके। परीक्षा नियंत्रक ने यह भी स्पष्ट किया है कि एलएलबी (छठा सेमेस्टर) एवं बीए-एलएलबी (दसवां सेमेस्टर) की परीक्षा के जो प्रश्नपत्र छात्र दे चुके हैं, उन प्रश्नपत्रों में यह सुविधा नहीं दी जाएगी।