शाहजहांपुर। शहर के एक व्यापारी की सोमवार को कोरोना से मौत हो गई। रविवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी सुरक्षा के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया। उधर, सोमवार को आयुष डॉक्टर समेेत19 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। हालांकि सीएमओ कार्यालय से जारी सूची में दस संक्रमित लोगों के नाम है। लेकिन बाद में खुटार पीएचसी और पुवायां सीएचसी प्रभारियों ने बताया कि आठ और लोगों में संक्रमण पाया गया। वहीं जलालाबाद के तहसीलदार अजय कुमार ने आयुष डॉक्टर में संक्रमण की पुष्टि की।
शहर के बाड़ूजई मोहल्ले में रहने व्यापारी की उम्र करीब 50 साल थी। मशीनरी मार्केट में उनकी दुकान है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले करीब दो सप्ताह से व्यापारी को सर्दी, जुकाम और बुखार था। शुरू में इधर-उधर से दवा लेकर खाते रहे। ज्यादा तबीयत खराब होने पर जिला अस्पताल जाकर दिखाया। वहां उनका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। रविवार को व्यापारी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो जिला अस्पताल परिसर में बने कोविड एल टू अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। वहां के प्रभारी डॉ. यूपी सिन्हा ने बताया कि रविवार शाम व्यापारी की हालत ज्यादा बिगड़ने पर वेंटिलेटर लिटा दिया गया था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे व्यापारी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रशासन ने डीएम, एसपी और सीएमओ को सूचना देने के बाद शव फ्रीजर में रखवा दिया। दोपहर बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम शव को एंबुलेंस में श्मशान भूमि ले गई। जहां परिवार के पांच लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बाडूजई में जारी रहेगा कंटेन्मेंट जोन
एडीएम प्रशासन और जिले के नोडल अधिकारी रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि कोरोना संक्रमित व्यापारी की मौत के बाद मोहल्ला बाडूजई की गली को नियमानुसार 14 दिन के लिए कंटेन्मेंट जोन बनाया गया है। ताकि संक्रमण के खतरे को टाला जा सके। थाना सदर बाजार अंतर्गत एक पुलिस चौकी प्रभारी के संक्रमित मिलने के बाद कचहरी परिसर को सैनिटाइज कराकर 24 घंटे के लिए बंद किया गया था। तय समय अविध पूरी होने के बाद मंगलवार को दीवानी न्यायालय खोला जाएगा। उधर, सीएमएस डॉ. एयूपी सिन्हा ने बताया कि मृतक व्यक्ति के परिवार के सदस्यों के सैंपल मंगलवार को लिए जाएंगे।
जिले में कोरोना संक्रमितों की जो सूची जारी की गई है, वही मानी जाएगी। यदि अन्य कोई संक्रमित मिलता है तो उसकी सूचना अगले दिन दी जाएगी।
- डॉ. शैलेंद्र आर्या, एसीएमओ
तीन बैंक कर्मी और आंगनबाड़ी कर्मचारी चपेट में
सीएमओ कार्यालय से जारी सूची के अलावा सोमवार को पुवायां तहसील क्षेत्र आठ लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में तीन बैंककर्मी और एक आंगनबाड़ी कर्मचारी शामिल है। संक्रमितों को ददरौल के कोविड 19 अस्पताल भेजा गया है। इसकी पुुष्टि पीएचसी और सीएचसी प्रभारियों ने की है। जिले में इनके अलावा कुछ और संक्रमित मिलने की चर्चा है, सीएमओ की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
खुटार की एक्सिस बैंक के प्रबंधक लखीमपुर में रहते हैं। पांच जुलाई को उन्होंने लखीमपुर में सैंपल दिया था। सात जुलाई को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। इसके बाद बैंक को बंद कर दिया गया था। बैंक के दो कर्मचारी भी पॉजिटिव पाए गए थे। सोमवार को एक और कर्मचारी पॉजीटिव पाया गया है। सोमवार को बैंककर्मी के अलावा गांव मलिका, गांव हरनाई और गांव सिमरई में भी एक-एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इन युवकों में एक युवक एक निजी बैंक में प्राइवेट रूप से काम करता था। एक साथ चार लोगों के पॉजिटिव पाए जाने की रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित गांवों में पहुंची और संक्रमित युवकों को ददरौल के कोविड 19 अस्पताल भिजवाया गया है। संक्रमित युवकों के घर से ढाई सौ मीटर का एरिया सील किया जा रहा है। इसकी पुष्टि पीएचसी खुटार के प्रभारी डॉ. संजीव ने की। सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहम्मद आसिफ ने बताया कि पुवायां नगर में तीन लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
एक संक्रमित चलाता है ढाबा
खुटार। खुटार के एक गांव निवासी संक्रमित युवक ढाबा चलाता है। यह युवक रोजाना ढाबे पर बैठता था। स्वास्थ्य विभाग की टीम अब ढाबे पर काम करने वाले और युवक के संपर्क में आए अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पीएचसी खुटार के प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि चारो संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को सैंपल के लिए भेजा जाएगा।