बदायूं। शुक्रवार रात आई रिपोर्ट में जिले में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिसमें दो बिल्सी के दिधौनी गांव और शहर के खेड़ा नवादा, आवास विकास कॉलोनी व मीरा जी की चौकी इलाके में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिला है सभी को कोविड-19 हॉस्पिटल भेजा जा रहा है। शुक्रवार रात आई रिपोर्ट के बाद अधिकारी संबंधित क्षेत्रों की ओर दौड़ पड़े। शनिवार को इन क्षेत्रों को सील किया जाएगा।
शुक्रवार रात 22 सैंपल की रिपोर्ट आई, जिसमें 17 सैंपल निगेटिव और पांच सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक पॉजिटिव सिविल लाइंस क्षेत्र के खेड़ा नवादा में पाया गया है। बताते हैं कि ये पॉजिटिव नोएडा से आया है। उसका सैंपल भी वहीं लिया गया था। उसके बदायूं आने पर परिवार वालों ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। जिस पर उसे कोविड-19 हॉस्पिटल भेजा गया। जबकि एक आवास विकास कॉलोनी और एक कोतवाली क्षेत्र के मीरा जी की चौकी इलाके में कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके अलावा बिल्सी के दिधौनी गांव में दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष है। इस गांव में कुछ दिन पहले एक ई-रिक्शा चालक कोरोना पॉजिटिव निकला था। उसके संपर्क में आने से इस गांव में पांच पॉजिटिव पाए गए थे लेकिन शुक्रवार रात आई रिपोर्ट में दो लोग और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की एक बार फिर मेहनत बढ़ गई है। सभी को कोविड-19 हॉस्पिटल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आते ही अधिकारी इन क्षेत्रों की तरफ दौड़ पड़े। स्वास्थ्य विभाग इनकी हिस्ट्री खंगालने में जुट गया है।
शुक्रवार को 87 सैंपल जांच को भेजे
शुक्रवार को जिले से कुल 87 सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। ये सैंपल जिले के अलग-अलग स्थानों से एकत्र किए गए थे। कुछ सैंपल जिला अस्पताल तो कुछ बिसौली से लिए गए हैं। अब 374 सैंपल रिपोर्ट पेंडिंग है जबकि स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 58 पॉजिटिव सक्रिय हैं।
-शुक्रवार रात 22 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इनमें 17 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं, जबकि पांच कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें एक आवास विकास, एक मीरा जी चौकी, एक खेड़ा नवादा में नोएडा से आया है। दो बिल्सी के दिधौनी गांव में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ