बरेली। प्रेमनगर क्षेत्र के रेस्टोरेंट में कुक को रेस्टोरेंट मालिक और उसके भाई ने पीट दिया और धक्का देकर निकाल दिया। उस पर जातिसूचक टिप्पणी भी की। कुक का कसूर इतना था कि मालिक के भाई को स्नैक्स के लिए थोड़ी देर रुकने के लिए कह दिया। मामले में रेस्टोरेंट मालिक समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भूड़ निवासी सचिन ने बताया कि वह जनकपुरी स्थित रेस्टोरेंट हैंगओवर में खाना बनाता है। अक्सर रेस्टोरेंट के मालिक नीरज छावड़ा का भाई अंशुल छावड़ा अपने दोस्त आशीष सतनानी के साथ रेस्टोरेंट में आता था। यह दोनों मिलकर सचिन पर जातिसूचक टिप्पणी करते थे। अंशुल और आशीष एक दिन रेस्टोरेंट में शराब पी रहे थे। दोनों ने स्नैक्स का ऑर्डर दिया तो सचिन ने थोड़ी देर रुकने के लिए कहा। इस पर दोनों ने मिलकर सचिन की पिटाई कर दी और जातिसूचक गालियां देकर रेस्टोरेंट से धक्का देकर निकाल दिया। सचिन का वेतन भी नहीं दिया।
बताया कि विवाद के दौरान रेस्टोरेंट के मालिक नीरज छावड़ा का पिता सतीश छावड़ा भी आ गया और उसने सचिन का पक्ष लेने पर मैनेजर राहुल भारती को भगा दिया। सचिन की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में नीरज छावडा़, अंशुल छावडा़, सतीश छावड़ा और आशीष सतनानी उर्फ सनी सतनानी के खिलाफ एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।