नगर पालिका चेयरमैन का महाकुंभ को लेकर विवादित टिप्पणी का ऑडियो वायरल हो गया है। इससे गुस्साए हिंदू संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व लोगों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। थाने पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार दोपहर हिंदू युवा वाहिनी, भारतीय मजदूर संघ, हिंदू सुरक्षा सेवा ट्रस्ट के कार्यकर्ता व अन्य लोग सामूहिक रूप से नारेबाजी करते हुए थाने पहुंचकर पालिका चेयरमैन सैयद आबिद के कुंभ स्नान के संबंध में वायरल ऑडियो का हवाला देकर कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि हिंदू सुरक्षा सेवा ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष सौरभ गुप्ता कुंभ में स्नान करने गए तो वहां पर चेयरमैन आबिद अली ने उनको एक लेन-देन के सिलसिले में फोन किया। बात करते हुए कुंभ स्नान को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की। महाकुंभ सनातन की आस्था से जुड़ा पर्व है। उनके इस टिप्पणी से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
शिकायत करने वालों में शिवेक खंडेलवाल, अमित शर्मा, आयुष गुप्ता आदि रहे। इधर, कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
ऑडियो में छेड़छाड़ कर किया वायरल
इस मामले में चेयरमैन आबिद अली ने बताया कि सौरभ गुप्ता उनके करीबी दोस्त है। उन्होंने पूरे जीजान से उन्हें चुनाव लड़ाया है। उनके बातचीत के दौरान ऑडियो को छेड़छाड़ कर वायरल किया गया है। उनका उद्देश्य किसी की भावना को आहत करना नहीं है। वह सभी धर्मों का सम्मान व आदर करते हैं। संवाद
2017 में पालिका चेयरमैन का चुनाव लड़ चुके हैं सौरभ
आंवला।
चेयरमैन पर आरोप लगाने वाले सौरभ गुप्ता 2017 में आबिद के खिलाफ पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं। वहीं, पिछले निकाय चुनाव में सौरभ गुप्ता ने खुलेआम आबिद को चुनाव भी लड़ाया था और उनके चेयरमैन आबिद के साथ कारोबारी व घरेलू रिश्ते भी रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले सौरभ गुप्ता पर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करने के मामले में सपा कार्यकर्ताओं की ओर से रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। संवाद