बरेली। टेंडर लेने के बाद फर्में काम पूरा नहीं कर रहीं हैं। शहर भर में काम अधर में लटके हैं। ठेकेदारों ने सड़कें खोदकर छोड़ दीं हैं। महापौर व नगर आयुक्त की नाराजगी पर इन्हें नोटिस भी जारी हुए लेकिन कोई हल नहीं निकला। हाल यह है कि टेंडर होने के एक साल बाद भी सड़कों का निर्माण कार्य अधूरा है। सड़कें और नालियां न होने की वजह से जलनिकासी भी नहीं हो रही है। जनता परेशान है और ठेकेदार काम पूरा करने के बजाय अफसरों को ठेंगा दिखा रहे हैं। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने भी हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में अधूरे कामों पर नाराजगी जताते हुए इन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे। संवाद
-
एक साल पहले हुआ था टेंडर, अभी तक सड़कों की सिर्फ खोदाई
आकाशपुरम वार्ड के इलाके गुलजार नगर में बीते वर्ष 2024 में लगभग पांच से छह गलियों का टेंडर हुआ था। इसके बाद ठेकेदार ने गलियों में सड़कों की खोदाई कर दी, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। यह गलियां पशुपतिनाथ मंदिर से भी जुड़तीं हैं। पार्षद प्रतिनिधि चंद्रपाल राठौर ने बताया कि टेंडर होने के बाद दो से तीन माह तक ठेकेदार कभी मिट्टी न मिलने तो कभी ईंटें ना मिलने का बहाना बनाता रहा। इसके बाद खोदाई कर मिट्टी डाल कर काम बंद कर दिया। सड़क खराब होने से जनता एक साल से परेशान है।
-
दो वार्डों के बीच की सड़क पथरीली हालत में
सिकलापुर व आजमनगर वार्ड के बीच की ताड़ीखाना रोड पथरीली हालत में हैं। इस सड़क के टेंडर को हुए करीब छह माह से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ रखा है। शिकायतें कीं गईं तो लगभग 16-17 दिन पहले खोदाई कर काम बंद कर दिया। सड़क खराब होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आजमनगर पार्षद आरिफ ने बताया कि सड़क को खोदकर छोड़ना ठेकेदारों ने मजाक समझ लिया है। दो वार्ड के बीच की सड़क है। दूसरे वार्ड के पार्षद भी सड़क को लेकर गंभीर हैं, लेकिन ठेकेदार काम नहीं करना चाहता। वहीं, सिकलापुर के पार्षद जय प्रकाश राजपूत ने कहा कि यह सड़क अधूरी थी। चार दिन पहले शिकायत की थी, अब ठेकेदार आया है, जिसने कुछ दिनों में काम शुरू करने के लिए कहा है।
बिहारीपुर सिविल लाइंस में सड़क खोदकर चला गया ठेकेदार
बिहारीपुर, सिविल लाइंस वार्ड की बिहारीपुर-सिटी सब्जी मंडी रोड की सड़क बीते दो-ढाई माह से खुदी पड़ी है। क्षेत्रीय लोगों के साथ राहगीरों को भी काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के रहने वाले सूरज ने बताया कि गंदगी की वजह से सफाई नहीं रह पाती। वहीं, नेत्रपाल ने कहा कि सड़क खोदना याद रहा, लेकिन इसे बनाना भूल गए। जनसेवा टीम के अध्यक्ष पम्मी खां वारसी ने कहा कि महारानी शोभा यात्रा से पहले ही सड़क को बनाया जाए, जिससे लोगों को दिक्कत न हो।
विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिन फर्मों ने काम शुरू नहीं किया, उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। संबंधितों से अधूरे कामों की रिपोर्ट तलब की जाएगी। दोषी ठेकेदारों पर निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।
- उमेश गौतम, महापौर