फरीदपुर। नगर पालिका परिषद फरीदपुर में जैम पोर्टल पर आमंत्रित 90 वाॅट एलईडी लाइट की निविदा का टेंडर न मिलने से नाराज ठेकेदार राम राठौर और पालिका कर्मियों के बीच गाली गलौज व मारपीट हो गई। पालिका के प्रधान लिपिक ने ठेकेदार पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से जाति सूचक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। वहीं, ठेकेदार ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
नगर पालिका के प्रधान लिपिक आदेश कुमार शुक्ला ने पुलिस को बताया कि सोमवार को जैम पोर्टल पर 90 वाट एलईडी लाइट लगवाने के लिए निविदाएं ली गईं। आरोप है कि ठेकेदार राम राठौर अन्य ठेकेदारों के टेंडर हटाकर अपने टेंडर पास कराने का दबाव बना रहे थे। ऐसा न करने पर पालिका के समस्त कर्मचारियों के सामने वह गली-गलौज करते हुए बरेली में अकेले मिलने पर जान से मारने की धमकी दी।
पालिका के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जितेंद्र पाल ठेकेदार को रोकने पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता करते हुए जाति सूचक शब्द कहे गए। ठेकेदार के खिलाफ एक होते हुए पालिका के समस्त कर्मचारी थाने पहुंच गए। वहीं, ठेकेदार राम राठौर ने पालिका कर्मियों पर टेंडर में धांधली करने का आरोप लगाया।
ठेकेदार ने पालिका के प्रधान लिपिक पर गाली-गलौज करने व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जितेंद्र पाल पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद