- इंस्पेक्टर ने अभी तक परिजनों द्वारा तहरीर मिलने से किया इन्कार
मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में शनिवार शाम अलाव जलाने के लिए पत्ते लेने गए ग्रामीण की किसी ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। उनका शव रविवार को उन्हीं के गेहूं के खेत में मिला था।
बहादुरपुर निवासी 60 वर्षीय नेतराम नेत्रहीन थे। वह अलाव जलाने के लिए शनिवार शाम अपने खेत से पत्ते लेने गए थे, लेकिन पूरी रात लौटे नहीं। रविवार सुबह पड़ोसी खेत मालिक अपने खेत में पानी लगाने गया तो नेतराम का शव पड़ा देखा। नेतराम की गर्दन पर चोट के निशान थे। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। मौके पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा, सीओ मीरगंज गौरव सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची गई और जांच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीण के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। इसके बाद गांव के कुछ लोगों में चर्चा थी कि ग्रामीण के नाम सात बीघा जमीन थी। जमीन हथियाने के लिए हत्या की गई हो।
इधर, प्रभारी निरीक्षक मीरगंज सिद्धार्थ सिंह तोमर ने बताया कि अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद