बरेली। स्काई वाॅक को आबाद करने के लिए मुंबई की फर्म के साथ नगर निगम का अनुबंध हो गया है। दावा है कि छह महीने में ही यह आबाद हो जाएगा। लोग यहां आइसक्रीम, स्नैक्स, टिक्की और समोसे सहित अन्य व्यंजनों का मजा ले सकेंगे। बच्चों के खिलौने और बड़़ों के लिए सौंदर्य प्रसाधन खरीद सकेंगे। वाईफाई की सुविधा भी मिलेगी।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब साल भर पहले 11 करोड़ रुपये की लागत से पटेल चौक पर स्काई वॉक बनाया गया है। संचालन के लिए फर्म न मिलने की वजह से यह आबाद नहीं हो पा रहा है। पिछले दिनों मुंबई की फर्म आनंदी इंटरप्राइजेज ने टेंडर लिया था लेकिन अनुबंध में देरी हो रही थी।
नगर आयुक्त ने फर्म को नोटिस जारी किया तो फर्म ने जमानत राशि जमा कराई और अब अनुबंध हो गया। जल्दी ही इसका संचालन हो सकेगा। फर्म की ओर से आर्किटेक्ट आएंगे जो दुकानों के निर्माण का प्रारूप तय करेंगे। सुंदरीकरण के अन्य काम भी कराए जाएंगे। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि स्काई वाॅक का जल्द संचालन कराने की तैयारी है। ब्यूरो