बरेली। रोडवेज ने ग्रामीणांचल रोडवेज बस सेवा के लिए निजी बस मालिकों से अनुबंध प्रक्रिया शुरू कर दी है। 40 बसों का 10 साल के लिए अनुबंध किया जा रहा है। अगले 45 दिन में जिले के बड़े गांव सीधे ब्लॉक, तहसील और जिला मुख्यालय से बस सेवा के जरिये जुड़ जाएंगे।
बस सेवा के लिए 15 से 25 सीटर वाहनों का अनुबंध किया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने बताया कि वाहन स्वामियों से 28 मार्च तक अनुबंध के लिए आवेदन मांगे गए थे। 40 वैध आवेदनों पर कार्रवाई की जा रही है।
इस बस सेवा के तहत संचालित होने वाले वाहनों को परमिट की बाध्यता नहीं होगी। टैक्स में भी छूट दी जाएगी। वाहन से होने वाली आय वाहन स्वामी की होगी।
फेरे का निर्धारण वाहन स्वामी खुद कर सकेंगे। बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को निर्धारित किराया देना होगा। इसके अलावा कई रूटों पर अवैध और डग्गामार वाहनों का संचालन भी बंद हो जाएगा।